छत्तीसगढ़: सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़कर 58% हुआ
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान की है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त बढ़ोतरी की घोषणा की. इस निर्णय के बाद अब कर्मचारियों को उनके मूल वेतन का 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा.
यह ऐलान रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य कर्मचारी संघ के एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा किया गया. उन्होंने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि यह कदम कर्मचारियों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है. प्रदेश के करीब 3.9 लाख सरकारी कर्मचारी इस बढ़ोतरी से सीधे लाभान्वित होंगे, जिससे महंगाई की मार के बीच उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा.
गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त 2025 में डीए में 2 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी, जिसके बाद यह 55 प्रतिशत पर पहुंच गया था. अब नई बढ़ोतरी के साथ राज्य के कर्मचारी केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता प्राप्त करने में सक्षम हो गए हैं.
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर बताया कि पिछले दो वर्षों में सरकार ने कर्मचारी कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. ट्रांसफर नीति को अधिक पारदर्शी बनाया गया है, पदोन्नति प्रक्रिया में सुधार किए गए हैं और कार्यस्थल की व्यवस्थाओं को बेहतर करने पर विशेष ध्यान दिया गया है. सुशासन एवं अभिसरण विभाग के गठन से प्रशासनिक प्रणाली और अधिक प्रभावी व नागरिक-कर्मचारी केंद्रित हुई है.
उन्होंने आगे कहा कि पेंशन, ग्रेच्युटी सहित सभी सेवानिवृत्ति लाभों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े. इसके अलावा, विधानसभा में पारित पेंशन फंड विधेयक से छत्तीसगढ़ पेंशन फंड को मजबूत कानूनी आधार मिला है.
सीएम ने तकनीकी नवाचारों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बदलते समय की चुनौतियों से निपटने के लिए कर्मचारियों को लगातार तैयार किया जा रहा है.