डिप्टी कलेक्टर पर महिला पुलिस ने लगाया शोषण का आरोप
रायपुर । संवाददाता: बालौद जिले की एक महिला कांस्टेबल ने डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके के खिलाफ दुष्कर्म और शादी का झूठा वादा कर शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. बालौद की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा, "महिला कांस्टेबल की लिखित शिकायत के आधार पर दुष्कर्म और विश्वासघात के संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. आरोप गंभीर हैं, और जांच चल रही है."
महिला कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी जान-पहचान दिलीप उइके से 2017 में डौंडी में पढ़ाई के दौरान हुई थी.
यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई.
कांस्टेबल का आरोप है कि उइके ने शादी का वादा कर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए.
इसके अलावा, उन्होंने आर्थिक शोषण का भी आरोप लगाया. महिला का दावा है कि उइके ने उनके नाम पर एक कार खरीदी और विभिन्न बहानों से उनके बैंक खाते में 3 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए.
जब महिला ने शादी की बात उठाई, तो उइके ने बातचीत से बचना शुरू कर दिया और अंततः संपर्क तोड़ लिया. यह मामला डौंडी पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है, और पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीजापुर में तैनात डिप्टी कलेक्टर दिलीप उइके को जल्द ही गिरफ्तार किया जा सकता है.
इस मामले ने छत्तीसगढ़ के प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है, और जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है.