दुर्ग: खड़े हाईवा से टकराई बाइक, मां–बेटे की मौत, पिता गंभीर
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी थाना अंतर्गत पथरिया चौक के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मां और बेटे की जान चली गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए. हादसा उस वक्त हुआ जब सड़क किनारे खड़े एक हाईवा ट्रक से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल जा टकराई.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुणे में मजदूरी कर रहा एक परिवार बाइक से अपने पैतृक गांव जामगांव (जिला बेमेतरा) लौट रहा था. पथरिया चौक के पास पहुंचते ही मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और पीछे से सड़क किनारे खड़े हाईवा ट्रक से भिड़ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार चार लोगों में से तीन को गंभीर चोटें आईं.
घटना की सूचना मिलते ही नंदिनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया. वहां चिकित्सकों ने मालती साहू (35) और उनके बेटे राजेंद्र साहू (22) को मृत घोषित कर दिया. वहीं बाइक चला रहे राजेंद्र के पिता राजू साहू (40) की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद हाईवा ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन खड़ा करने और दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है. मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.