दुर्ग: तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आकर दो रिश्तेदारों की मौत
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पचपेड़ी गांव के पास शुक्रवार देर रात एक भयानक सड़क हादसे ने दो लोगों की जान ले ली. तेज रफ्तार से आ रहे एक कैप्सूल हाईवा ने मोटरसाइकिल सवार दो रिश्तेदारों को कुचल दिया, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.
मृतकों की शिनाख्त बोरसी हनोदा गांव निवासी देवराज यादव (27 वर्ष) और उनके फूफा लोकेश यादव (40 वर्ष) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, देवराज की शादी मात्र चार महीने पहले हुई थी. वह दशगात्र क्रियाक्रम में शामिल होने अपने ससुराल पचपेड़ी गए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद शुक्रवार शाम को लोकेश यादव के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे.
पचपेड़ी गांव के निकट पाटन की दिशा से आ रहे हाईवा ने अचानक उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार धक्का मार दिया. टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर जा गिरे. इसके तुरंत बाद हाईवा ने उन्हें रौंद दिया, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई.
सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया.
इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार चालक को जल्द पकड़ने का दावा कर रही है.
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की जरूरत को रेखांकित करता है.