छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस पारित, 15 लाख MSMEs को होगा फायदा
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा ने राज्य में व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए 'छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक, 2026' को सर्वसम्मति से पारित कर दिया है. इस नए कानून के साथ ही छत्तीसगढ़ उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए व्यापक जोखिम-आधारित (रिस्क-बेस्ड) मंजूरी प्रणाली शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है.
सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से नियामक प्रक्रियाओं में बड़ा सुधार होगा, जिससे न केवल लालफीताशाही खत्म होगी बल्कि राज्य में भारी निवेश का रास्ता भी साफ होगा.
राज्य सरकार के अनुसार, इस नए अधिनियम का मुख्य उद्देश्य कागजी कार्रवाई और नियमों के बोझ को कम करना, व्यापार शुरू करने की प्रक्रियाओं को सरल बनाना तथा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) के लिए एक सुरक्षित, तेज और पारदर्शी माहौल तैयार करना है.
नए नियमों के तहत अब उद्योगों और व्यवसायों को उनके आकार और काम की प्रकृति के आधार पर अलग-अलग जोखिम श्रेणियों में बांटा जाएगा. कम जोखिम वाले उद्योगों को स्व-प्रमाणन (सेल्फ-सर्टिफिकेशन) के जरिए बेहद आसान और त्वरित मंजूरियां मिलेंगी, जबकि उच्च जोखिम वाली श्रेणियों में आने वाली बड़ी परियोजनाओं की तकनीकी जांच और निरीक्षण पहले की तरह जारी रहेगा.
इस कानून की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कम जोखिम वाले व्यवसायों के लिए बार-बार होने वाले सरकारी निरीक्षणों से मुक्ति मिल जाएगी. अब लाइसेंस प्राप्त इंजीनियरों, आर्किटेक्ट्स और अधिकृत पेशेवरों द्वारा प्रमाणित दस्तावेजों को ही मान्यता दी जाएगी.
इसके अलावा, सालाना लाइसेंस नवीनीकरण की अनिवार्य प्रक्रिया को भी समाप्त कर दिया गया है. MSMEs के लिए पानी की आपूर्ति, फर्म पंजीकरण और भवन निर्माण जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं को अब स्व-घोषणा के आधार पर तुरंत मंजूरी मिल सकेगी. यदि कोई सरकारी विभाग तय समय सीमा के भीतर आवेदन पर निर्णय नहीं लेता है, तो इस कानून के तहत 'ऑटो-अप्रूवल' (स्वतः मंजूरी) का प्रावधान भी किया गया है.
शुरुआती चरण में इस नई व्यवस्था के दायरे में 8 सरकारी विभागों की 43 प्रमुख सेवाओं को शामिल किया गया है, जिसे भविष्य में बढ़ाया जा सकेगा.
इस कानून के बेहतर क्रियान्वयन के लिए एक त्रि-स्तरीय निगरानी प्रणाली बनाई गई है, जिसमें मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली परिषद के मार्गदर्शन में मुख्य सचिव के नेतृत्व में राज्य स्तरीय समिति और जिला कलेक्टरों के नेतृत्व में जिला स्तरीय समितियां काम करेंगी. सरकार का अनुमान है कि इस क्रांतिकारी सुधार से राज्य के 15 लाख से अधिक MSMEs को सीधा लाभ पहुंचेगा, जिससे उनका समय और लागत दोनों बचेंगे.