सावधान! रायपुर मैच में पहली पारी के बाद बंद होंगे एंट्री गेट
रायपुर । संवाददाता: नवा रायपुर में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संघ ने घोषणा की है कि मैच की पहली पारी (फर्स्ट हाफ) समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
CSCS के निदेशक बलदेव सिंह भाटिया ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के दौरान हुई अव्यवस्थाओं को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है.
उस दौरान लगभग 15,000 अनधिकृत लोगों के स्टेडियम में घुसने की खबर मिली थी, जिससे सुरक्षा संबंधी गंभीर चुनौतियां पैदा हो गई थीं.
इस बार हर गेट पर विशेष अधिकारियों की तैनाती की जाएगी और बीसीसीआई को भी इस निर्णय की जानकारी दे दी गई है.
प्रशंसकों से अपील की गई है कि वे मैच शुरू होने से काफी पहले पहुंच जाएं ताकि किसी भी तरह की निराशा से बचा जा सके.