कोरबा में धान खरीदी से तंग किसान ने पीया जहर
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में धान खरीदी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से परेशान एक किसान ने बेहद दुखद कदम उठाया. कसियाडीह झांझ गांव के रहने वाले 55 वर्षीय बैसाखू राम मरकाम ने तहसील कार्यालय परिसर में ही जहर का सेवन कर लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
दोपहर के समय हुई इस घटना के बाद किसान कुर्सी पर बेहोश होकर गिर पड़े. सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल मौके पर पहुंचीं और अपने वाहन से उन्हें फौरन हरदीबाजार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गईं.
वहां डॉक्टर युधेश सांडे ने त्वरित उपचार शुरू किया और जहर को शरीर से निकालने में सफल रहे, लेकिन हालत गंभीर बनी रही. आखिरकार बेहतर इलाज के लिए उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेज दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
घटना की खबर फैलते ही कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे. पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, मदन लाल राठौर, चंद्रहास राठौर सहित कई नेताओं ने किसान की स्थिति जानी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया.
दूसरी ओर, प्रशासन के अधिकारी भी सक्रिय हुए. अपर कलेक्टर ओंकार सिंह यदु, एसडीएम रोहित सिंह, तहसीलदार अभिजीत राजभानू और थाना प्रभारी प्रमोद डड़सेना ने मौका मुआयना किया और जरूरी निर्देश जारी किए.
इस घटना से क्षेत्र में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिंता जताते रहे. शुरुआती जांच में जहर पीने की ठोस वजह स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन यह मामला प्रशासन और राजनीतिक हलकों में गंभीर चिंता का विषय बन गया है. जांच जारी है.
इसी बीच, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कफन ओढ़कर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल के विरुद्ध मुर्दाबाद के नारे लगाए. पुलिस भी मौके पर तैनात रही. प्रदर्शनकारियों ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई.