छत्तीसगढ़ में टैक्स-फ्री होगी फिल्म 'गोदान'
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में गौमाता पर आधारित देश की पहली फिल्म 'गोदान' का ट्रेलर लॉन्च किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गौवंश के संरक्षण और संवर्धन के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए छत्तीसगढ़ में इस फिल्म को टैक्स-फ्री करने की घोषणा की.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गौमाता न केवल आध्यात्मिक रूप से पूजनीय है, बल्कि इनका आर्थिक और वैज्ञानिक महत्व भी बहुत अधिक है. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गौशालाओं के लिए चारे के अनुदान को 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये कर चुकी है और गौशालाओं को 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी दी जा रही है.
फिल्म 'गोदान' के बारे में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 घंटे 90 मिनट की यह फिल्म गौ-संरक्षण का सकारात्मक संदेश जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी.
ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने फिल्म का पोस्टर, गीत 'गौ माता के प्राणों को बचा लो देशवासियों' और पंचगव्य उत्पादों का एक गिफ्ट पैक भी जारी किया.
कामधेनु फिल्म प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और विनोद चौधरी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस कार्यक्रम में अजीत महापात्र, शांतनु शुक्ला और फिल्म जगत से जुड़ी अन्य गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं.