हड़ताली NHM कर्मचारियों को "काम नहीं, वेतन नहीं", 25 बर्खास्त
हड़ताली NHM कर्मचारियों को "काम नहीं, वेतन नहीं", बर्खास्तगी की धमकी
रायपुर । संवाददाता: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत छत्तीसगढ़ में कार्यरत करीब 16,000 संविदा कर्मचारी 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं. उनकी मांगों में सेवाओं का नियमितीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना, ग्रेड पे, 27% वेतन वृद्धि, प्रदर्शन मूल्यांकन प्रणाली में सुधार, नियमित भर्ती में आरक्षण, अनुकंपा नियुक्ति, चिकित्सा या अन्य अवकाश, स्थानांतरण नीति और न्यूनतम 10 लाख रुपये का मेडिकल बीमा शामिल हैं.
हड़ताली कर्मचारियों ने अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है. इस बीच सरकार ने 25 कर्मचारियों-अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है.
छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ के डॉ. अमित कुमार मिरी ने कहा कि बीजेपी ने 2023 के विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में NHM कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का वादा किया था, लेकिन विष्णु देव साय सरकार को 160 से अधिक ज्ञापन सौंपने के बावजूद कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली.
उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों से कम वेतन और शोषण झेल रहे NHM संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी मांगों के लिए संघर्षरत हैं.
राज्य सरकार ने हड़ताल को "अनुचित और जनहित के खिलाफ" करार देते हुए कड़ा रुख अपनाया है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (CMHOs) को निर्देश दिए हैं कि अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन न दिया जाए.
साथ ही, 18 अगस्त से अनुपस्थित कर्मचारियों का विवरण जमा करने और उन्हें 24 घंटे के भीतर ड्यूटी पर लौटने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है. नोटिस का पालन न करने पर बर्खास्तगी सहित अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
संघ के प्रांतीय संरक्षक हेमंत कुमार सिन्हा ने बताया कि लगभग 1,300 NHM कर्मचारी रायपुर के टूटा गांव में धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर ध्यान देने के बजाय दमनकारी रवैया अपना रही है.