छत्तीसगढ़ में है देश का सबसे बड़ा कोल माइंस
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ का कोरबा जिला आज न केवल प्रदेश के लिए बल्कि पूरे देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए केंद्र बिंदु बना हुआ है. यहां स्थित 'गेवरा ओपनकास्ट प्रोजेक्ट' भारत की सबसे बड़ी और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कोयला खदान के रूप में स्थापित हो चुकी है.
कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) द्वारा संचालित यह खदान अपनी विशालता और आधुनिक तकनीक के लिए जानी जाती है. वित्त वर्ष 2023-24 में इस खदान ने 59 मिलियन टन कोयले का रिकॉर्ड उत्पादन किया है, जबकि इसकी कुल वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 70 मिलियन टन तक पहुँच गई है.
इस खदान की सबसे बड़ी विशेषता इसका विशाल भंडार और खनन की सुगम प्रक्रिया है. उथले कोयले के भंडार होने के कारण यहाँ ओपनकास्ट माइनिंग अत्यंत प्रभावी है, जहाँ उच्च क्षमता वाले उत्खनन उपकरण, डंपर और अत्याधुनिक कन्वेयर सिस्टम का उपयोग किया जाता है.
गेवरा खदान से निकलने वाला कोयला देश के विभिन्न थर्मल पावर स्टेशनों की ईंधन जरूरतों को पूरा करता है, जिससे न केवल बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होती है, बल्कि विदेशों से कोयले के आयात पर निर्भरता भी कम हुई है.
आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से भी यह प्रोजेक्ट अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसने छत्तीसगढ़ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा किए हैं और बुनियादी ढांचे के विकास को गति दी है. ऊर्जा की बढ़ती मांग और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के बीच, गेवरा ओपनकास्ट प्रोजेक्ट अपनी वैज्ञानिक माइनिंग योजना और सार्वजनिक क्षेत्र की दक्षता के दम पर भारत के पावर स्ट्रक्चर का एक मजबूत स्तंभ बना हुआ है.