देश भर में सबसे ज्यादा कुष्ठ रोगी छत्तीसगढ़ में
छत्तीसगढ़ में भारत के अंदर सबसे ज्यादा कुष्ठ रोगी हैं
रायपुर | ममता मानकरः यह पिछले साल की बात है, जब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जॉर्डन को कुष्ठ रोग मुक्त होने वाला दुनिया का पहला देश घोषित किया गया. भारत ने फिर से 2027 तक कुष्ठ रोग से मुक्ति का लक्ष्य रखा है.
हर साल दुनिया भर में कुष्ठ रोग के 2 लाख नए मामले सामने आते हैं और इनमें से 60 फीसदी मामले केवल भारत में हैं.
हैरान करने वाला तथ्य ये है कि पूरे भारत में आबादी के लिहाज से सबसे अधिक कुष्ठ रोगी छत्तीसगढ़ में हैं.
राष्ट्रीय औसत से अधिक विकलांगता
कुष्ठ रोग, जिसे हम बीते जमाने की बीमारी समझकर उस पर बात नहीं करते. आज भी हमारे समाज में अपनी जड़ें जमाए हुए है.
यह न केवल शारीरिक विकलांगता का कारण बनता है, बल्कि मानसिक और सामाजिक दर्द का भी एक गहरा स्रोत है.
हर साल, लाखों लोग इस बीमारी का शिकार होते हैं. जिनमें से कई ऐसे होते हैं, जो इलाज न मिलने के कारण अपने जीवन को अंधकारमय मानते हैं.
पूरे देश में छत्तीसगढ़ कुष्ठ रोग से सबसे अधिक प्रभावित राज्य है. यहां के कुछ जिलों में कुष्ठ रोग के कारण विकलांगता की दर राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक है.
विकलांगता से जूझ रहे इन रोगियों की स्थिति न केवल चिकित्सा, बल्कि सामाजिक स्वीकृति के मामले में भी एक बड़ी चुनौती बन जाती है.
छत्तीसगढ़ में रोगियों की बढ़ती दर
राष्ट्रीय रणनीतिक योजना (एनएसपी) के अनुसार, भारत में कुष्ठ रोग के मामलों की दर में छत्तीसगढ़ राज्य सबसे ऊपर है.
जहां देश के अन्य राज्य 0 से 1.4 प्रतिशत के बीच रिपोर्ट कर रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ में यह आंकड़ा 2.3 प्रतिशत तक पहुंच चुका है.
इस बीच, भारत सरकार ने कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य 2027 तक इस रोग के संक्रमण को समाप्त करना है.
सुधार की गति धीमी
भारत ने 2005 में कुष्ठ रोग को सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में समाप्त करने का महत्वपूर्ण कदम उठाया था. उस समय राष्ट्रीय स्तर पर प्रति 10,000 की जनसंख्या पर 1 से भी कम मामले दर्ज किए गए थे.
छत्तीसगढ़ का 2.3 प्रतिशत के साथ देश में सबसे अधिक कुष्ठ रोग की दर इस बात को दर्शाता है कि इस राज्य में अभी भी इस रोग के प्रति जागरूकता और समुचित स्वास्थ्य सेवाओं की कमी हो सकती है.
सरकार ने इस रोग के उपचार और नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए हैं, जैसे कि "निकुष्ठ 2.0" वेब पोर्टल की शुरुआत और कुष्ठ रोगियों के लिए निःशुल्क उपचार की व्यवस्था, लेकिन यह भी स्पष्ट है कि इन प्रयासों के बावजूद स्थिति में सुधार की गति धीमी रही है.
2027 तक खत्म करने का लक्ष्य
2023 में भारत सरकार ने "कुष्ठ रोग के लिए राष्ट्रीय रणनीतिक योजना और रोड मैप 2023-27" लॉन्च किया. जिसका उद्देश्य 2027 तक कुष्ठ रोग के संक्रमण को समाप्त करना है.
इस योजना का खास ध्यान पहले से संक्रमित व्यक्तियों के उपचार और जागरूकता अभियान पर है, ताकि कुष्ठ रोग के मामलों का जल्द से जल्द पता चल सके और इससे जुड़े कलंक और भेदभाव को खत्म किया जा सके.
कृषि-आधारित ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच का न होना, जागरूकता की कमी और प्रारंभिक निदान की समस्याएं छत्तीसगढ़ में कुष्ठ रोग के उच्चतम प्रतिशत का कारण माने जाते हैं.
छत्तीसगढ़ की स्थिति चिंताजनक
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम (एनएलईपी) और उसके तहत उठाए गए कदम जैसे कि प्रारंभिक मामलों का पता लगाना और प्रोफिलैक्सिस उपायों को लागू करना, लंबे समय में स्थिति को सुधारने में मददगार साबित हो सकते हैं.
यदि राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो, कुछ अन्य राज्य जैसे आंध्र प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र ने इस पर नियंत्रण पाने में काफी हद तक सफलता हासिल की है.
जहां मामलों की दर 0.5 प्रतिशत या उससे भी कम है. जबकि कुछ अन्य राज्य जैसे ओडिशा, झारखंड और दिल्ली में भी अभी इस समस्या से निपटने के लिए संघर्ष जारी है.
छत्तीसगढ़ की स्थिति सर्वाधिक चिंताजनक है.
जांजगीर-चांपा जिला सबसे ज्यादा प्रभावित
2023 में कुष्ठ रोग के मामलों में कमी के लिए प्रतिकृति मॉडल" परियोजना के जरिए नियंत्रण और इलाज के प्रयासों में तेज़ी के लिए शुरू किया गया था.
जिससे यह पता चला कि छत्तीसगढ़ राज्य का जांजगीर-चांपा जिला, जहां पर कुष्ठ रोग और उससे संबंधित विकलांगता की दर बेहद ज्यादा है.
प्रोटोटाइप का रिसर्च 2011 की जनगणना के आधार पर किया गया. जिससे यह बात सामने आई कि छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कुष्ठ रोग के मामलों की संख्या बेहद चिंता जनक है.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की 2019-2020 की रिपोर्ट के अनुसार, इस जिले की कुल जनसंख्या 18.8 लाख थी और यहां कुष्ठ रोग के नए मामलों की दर भारत के अन्य हिस्सों से कहीं अधिक पाई गई.
2018-2019 के दौरान, जांजगीर-चांपा जिले में कुष्ठ रोग के नए मामले 38.3% थे, जो कि भारत के राष्ट्रीय औसत 8.7% से काफी ज्यादा हैं.
इस दौरान छत्तीसगढ़ में भी कुष्ठ रोग से जुड़ी विकलांगता का प्रतिशत राष्ट्रीय औसत से अधिक था.
खासकर, जांजगीर-चांपा जिले में निदान के समय विकलांगता वाले लोगों की संख्या 3.7% थी, जबकि पूरे देश में यह अनुपात 3% के आसपास थी.
रायगढ़ में भी हालात सही नहीं
रायगढ़ जिले में भी हालात कुछ हद तक इसी तरह के थे. जहां की जनसंख्या 17.6 लाख थी.
यहां भी कुष्ठ रोग के नए मामलों की संख्या जांजगीर-चांपा से कम नहीं रही, जिसमें 1236 मामले सामने आए, जबकि चांपा में यह आंकड़ा 724 था.
विकलांगता के साथ ही सामाजिक भेदभाव
कुष्ठ रोग न केवल शारीरिक विकलांगता का कारण बनता है, बल्कि इसके कारण लोगों को सामाजिक भेदभाव का भी सामना करना पड़ता है.
ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि रोग का जल्दी पता चले और इलाज शुरू हो, ताकि विकलांगता से बचा जा सके.
लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया द्वारा लागू "प्रतिकृति मॉडल", का उद्देश्य कुष्ठ रोग के मामलों का शीघ्र निदान और इलाज करना, साथ ही रोग के कारण होने वाली विकलांगता को कम करना है.
इसके अलावा, इस योजना का मुख्य फोकस कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाना और समाज में उनके प्रति भेदभाव को समाप्त करना है.
प्रतिकृति मॉडल परियोजना
प्रतिकृति मॉडल परियोजना का उद्देश्य कुष्ठ रोग के निदान में देरी को कम करना है. इस मॉडल के तहत स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण का प्रावधान किया गया, ताकि वे इस बीमारी की सही समय पर पहचान कर सकें और प्रभावित लोगों का इलाज कर सकें.
इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं मितानिन, चिकित्सा अधिकारियों और बच्चों को भी शामिल किया गया है. इस परियोजना का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह केवल एक एनजीओ द्वारा नहीं किया जा रहा.
यह स्वास्थ्य सेवा के ढांचे के अंदर काम कर रहा है, जिससे इसे ज्यादा टिकाऊ और प्रभावी बनाने की उम्मीद है.
स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही जागरुकता
छत्तीसगढ़ राज्य में कुष्ठ रोग के मामलों की उच्च दर न केवल स्वास्थ्य विभाग के लिए एक चुनौती है, बल्कि यह समाज में जागरूकता और समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच को लेकर भी महत्वपूर्ण सवाल उठाती है.
राज्य सरकार ने कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए कई कदम उठाए हैं, लेकिन इसकी व्यापकता और रोगियों के प्रति समाज में मौजूद भेदभाव को समाप्त करने के लिए और अधिक प्रयास की आवश्यकता है.
इन तमाम कोशिशों से अलग, स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता अभियान इस दिशा में निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं.