AIIMS रायपुर की दयनीय स्थिति, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिलासपुर जिला अस्पताल की स्थिति को लेकर स्वतः संज्ञान लेते हुए एक जनहित याचिका पर सुनवाई की. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की खंडपीठ ने राज्य के बड़े अस्पतालों, विशेष रूप से AIIMS रायपुर की खराब स्थिति पर चिंता जताई.
कोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव को समाचार रिपोर्टों पर व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया.
10 अप्रैल 2024 को दैनिक भास्कर में प्रकाशित एक समाचार के अनुसार, बिलासपुर जिला अस्पताल में पिछले तीन महीनों से थायराइड टेस्ट बंद था, क्योंकि रिएजेंट्स की कमी थी. मरीजों, विशेषकर गर्भवती महिलाओं को निजी लैब में टेस्ट कराने पड़ रहे थे.
बिल्हा मातृ-शिशु अस्पताल में स्थापित 'हमर लैब' में ब्लड, यूरिन और स्टूल टेस्ट के लिए पैथोलॉजिस्ट की कमी थी. मरीजों को निजी लैब में भेजा जा रहा था.
13 जुलाई 2025 को हरिभूमि में प्रकाशित एक लेख में AIIMS रायपुर सहित बड़े सरकारी अस्पतालों की दयनीय स्थिति का जिक्र किया गया. मरीजों को डॉक्टर तक पहुंचने में 48 घंटे लग रहे थे, लंबी कतारें थीं, और सर्जरी के लिए चार महीने का इंतजार करना पड़ रहा था. एक्स-रे के लिए तीन घंटे की प्रतीक्षा करनी पड़ती थी.
24 जुलाई 2025 को नवभारत में छपे एक लेख में बताया गया कि सरकारी अस्पतालों में इस्तेमाल होने वाले सर्जिकल ब्लेड जंग खाए थे. सर्जिकल दस्ताने, प्रेगनेंसी किट, इंजेक्शन और दवाओं की कमी थी.
प्रेगनेंसी किट के गलत परिणाम देने और कुछ दवाओं के घटिया गुणवत्ता के कारण प्रयोगशाला परीक्षणों में असफल होने की बात सामने आई.
5 अगस्त 2025 को हरिभूमि में प्रकाशित एक अन्य लेख में बिल्हा ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में डॉक्टरों की अनुपस्थिति का उल्लेख किया गया.
15 डॉक्टरों के बावजूद, 4 अगस्त 2025 को सुबह 11:15 तक कोई डॉक्टर उपलब्ध नहीं था. मरीजों को सुबह 9 बजे से कतार में खड़ा होना पड़ता था. एक्स-रे मशीन एक साल से बेकार पड़ी थी.
कोर्ट ने टिप्पणी की कि 'हमर लैब' में 71 प्रकार के टेस्ट की सुविधा होने के बावजूद, रिएजेंट्स की कमी के कारण केवल 11-12 टेस्ट हो रहे हैं. कोर्ट ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव को इन समस्याओं पर हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया.