छत्तीसगढ़ HC: जमीन विकसित कर प्लॉट बेचने वाली कंपनी 'प्रमोटर'
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने रियल एस्टेट कानून के तहत एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए कहा है कि जो कंपनी जमीन को विकसित करने, वैधानिक मंजूरियां लेने और प्लॉट बेचने से पहले रेरा (RERA) पंजीकरण कराने की जिम्मेदारी लेती है, उसे प्रथम दृष्टया 'प्रमोटर' माना जा सकता है. जस्टिस पार्थ प्रतीम साहू और जस्टिस सचिन सिंह राजपूत की खंडपीठ ने एडमायर इन्फ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट अपीलीय न्यायाधिकरण (ट्रिब्यूनल) के आदेश को चुनौती दी गई थी.
ट्रिब्यूनल ने एक प्लॉट खरीदार की शिकायत को नए सिरे से फैसले के लिए रेरा के पास वापस भेज दिया था.
यह विवाद रायपुर के सेजबहार निवासी जयप्रकाश केसवानी और एडमायर इन्फ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड के बीच दिसंबर 2019 में हुए समझौतों से जुड़ा है, जिसके तहत कंपनी को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से नक्शा पास कराने, विकास की अनुमति लेने और सड़क, बिजली व पानी जैसी सुविधाएं विकसित करने की जिम्मेदारी दी गई थी.
जब रेरा ने इसे दीवानी (सिविल) विवाद मानकर शुरुआती चरण में ही शिकायत खारिज कर दी थी, तो अपीलीय न्यायाधिकरण ने 11 फरवरी 2026 को उस आदेश को रद्द कर दिया.
अब हाई कोर्ट ने भी साफ किया है कि रेरा को बिना पूरी प्रक्रिया अपनाए और सबूतों पर विचार किए बिना शिकायत को खारिज नहीं करना चाहिए था. अदालत ने प्रमोटर की व्यापक परिभाषा का हवाला देते हुए रेरा को इस मामले में नए सिरे से विधिवत सुनवाई करने के निर्देश दिए हैं.