HC ने बिलासपुर में सिटी बस बंद होने पर जताई चिंता
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने बिलासपुर में सिटी बस सेवाओं के बंद होने पर सख्त रुख अपनाया है. कोर्ट ने कहा कि पहले की सुनवाई के बाद बसें कुछ समय के लिए चलीं, लेकिन अब चार दिनों से सेवा पूरी तरह ठप है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी हो रही है.
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने एक समाचार रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों से बिलासपुर में 30 किमी के दायरे में सिटी बसें चल रही थीं, लेकिन पुरानी होने के कारण ये अब खराब हो चुकी हैं और मरम्मत के लायक भी नहीं हैं.
कोविड-19 के दौरान कई ट्रेनों के छोटे स्टेशनों जैसे बिल्हा, कोटा आदि पर ठहराव बंद होने से सिटी बसें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण हो गई थीं.
कोर्ट ने बताया कि 22 जुलाई 2025 को सुनवाई के दौरान परिवहन आयुक्त ने दावा किया था कि बिलासपुर में नौ में से छह बसों का बीमा, फिटनेस और टैक्स जमा कर दिया गया है, जिनमें से पांच बसें चल रही हैं और एक जल्द शुरू होगी.
हालांकि, समाचार रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सभी बसें चार दिनों से बंद हैं. इस पर कोर्ट ने परिवहन आयुक्त को फटकार लगाते हुए कहा कि उन्होंने 20 जुलाई 2025 को गलत हलफनामा दायर किया, जिसमें बसों के संचालन की गलत जानकारी दी गई.
कोर्ट ने आयुक्त को 14 अगस्त 2025 को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर स्पष्टीकरण देने और अवमानना कार्यवाही शुरू न करने का कारण बताने का निर्देश दिया.
यह मामला एक जनहित याचिका से संबंधित है, जिसमें कोविड-19 के बाद राज्य में सिटी बस सेवाओं में भारी कमी और बसों के दो साल से अधिक समय तक यार्ड में खड़े रहने की बात उठाई गई थी. मामले की सुनवाई आज गुरूवार को होगी.