POCSO केस: पीड़िता का बयान ही काफी, बाहरी सबूत जरूरी नहीं- छत्तीसगढ़ HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत एक सजा को बरकरार रखते हुए एक अत्यंत महत्वपूर्ण टिप्पणी की है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा की पीठ ने स्पष्ट किया कि भारतीय समाज में किसी यौन उत्पीड़न पीड़िता की गवाही पर बिना किसी बाहरी पुष्टि के विश्वास न करना, उसकी चोट पर नमक छिड़कने के समान है.
अदालत एक दोषी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसे निचली अदालत ने 25 साल के कारावास की सजा सुनाई थी. दोषी ने इस आधार पर सजा को चुनौती दी थी कि गवाहों के बयानों में विरोधाभास है और पीड़िता के दावों की पुष्टि के लिए पर्याप्त बाहरी सबूत नहीं हैं.
अदालत ने फैसले में कई ऐसे बिंदु रखे जो यौन अपराधों के मामलों में न्यायशास्त्र की दिशा तय करते हैं:
पीड़िता कोई सहयोगी (Accomplice) नहीं: कोर्ट ने कहा कि यौन अपराध की पीड़िता को किसी अपराधी के साथी के समान नहीं माना जा सकता. वह अपराध की शिकार है, न कि उसकी सहभागी.
सामाजिक संकोच एक साक्ष्य: न्यायाधीश ने उल्लेख किया कि भारत जैसे परंपरावादी समाज में कोई भी महिला या लड़की अपनी गरिमा पर आंच आने वाले किसी भी मामले को स्वीकार करने में संकोच करती है. यदि वह आगे आकर आरोप लगा रही है, तो यह अपने आप में एक 'इनबिल्ट' आश्वासन है कि शिकायत सच्ची है.
साक्ष्य अधिनियम का रुख: भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 118 के तहत पीड़िता एक सक्षम गवाह है. उसकी गवाही को वही महत्व मिलना चाहिए जो किसी शारीरिक हिंसा में घायल व्यक्ति के बयान को दिया जाता है.
पुष्टि अनिवार्य नहीं: कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सजा के लिए पीड़िता के बयान के अलावा किसी अन्य बाहरी साक्ष्य की अनिवार्य शर्त नहीं है. यदि अदालत को पीड़िता की गवाही विश्वसनीय लगती है, तो अकेले उसी के आधार पर सजा दी जा सकती है.
उच्च न्यायालय ने पाया कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ बिना किसी संदेह के मामला साबित करने में सफल रहा है. कोर्ट ने निचली अदालत द्वारा दी गई 25 साल की सजा और दोषसिद्धि को उचित ठहराते हुए याचिका को खारिज कर दिया.