छत्तीसगढ़ HC: नदियों को 'जहरीला' बनाने वाली डिस्टिलरीज पर मांगा जवाब
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की जीवनदायिनी मानी जाने वाली शिवनाथ और खारून नदियों की बदहाली पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने राज्य शासन और पर्यावरण संरक्षण बोर्ड के प्रति कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है.
एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने कहा कि कोर्ट के पिछले निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं दिख रहा है, जो बेहद 'परेशान करने वाला और प्रतिगामी' है. अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नदियां अब प्राकृतिक संसाधन न रहकर जहरीले औद्योगिक कचरे को ढोने का माध्यम मात्र बनकर रह गई हैं.
नदियों का रंग हुआ काला, जलीय जीवन पर संकट
कोर्ट ने समाचार रिपोर्टों का हवाला देते हुए बताया कि शिवनाथ नदी का पानी, जो कभी साफ और नीला दिखाई देता था, औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अनुपचारित स्पिरिट और रसायनों के कारण पूरी तरह काला पड़ गया है.
बिलासपुर के पास स्थित एक डिस्टिलरी से निकलने वाले प्रदूषित पानी के कारण बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो रही है. इसी तरह, रायपुर की जीवन रेखा मानी जाने वाली खारून नदी के किनारे स्थित शराब फैक्ट्रियों ने अवैध खनन से बने गड्ढों को जहरीले जलाशयों में तब्दील कर दिया है. स्थिति इतनी विकराल है कि अब जानवर भी इस पानी को पीने से कतरा रहे हैं.
ग्रामीणों की बेबसी: "रोजगार और शराब के बदले स्वास्थ्य का सौदा"
अदालत ने सुनवाई के दौरान एक बेहद गंभीर पहलू पर ध्यान आकर्षित किया. कोर्ट ने कहा कि फैक्ट्रियों के आसपास रहने वाले ग्रामीण खुजली और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन वे विरोध करने की स्थिति में नहीं हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, कई जगहों पर ग्रामीणों को चुप रखने के लिए उन्हें फैक्ट्री में रोजगार दिया गया है और कथित तौर पर प्रतिदिन शराब बांटी जा रही है. अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण ग्रामीणों ने अपनी नियति स्वीकार कर ली है, जिससे पर्यावरण को अपूरणीय क्षति हो रही है.
हाई कोर्ट ने राज्य की प्रवर्तन एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे 'सिस्टम की विफलता' करार दिया है. कोर्ट ने कहा कि ऐसा लगता है कि पूर्व में दिए गए निर्देशों को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है.
अदालत ने इसे नियामक निरीक्षण की विफलता मानते हुए तत्काल और कठोर सुधारात्मक उपायों की आवश्यकता पर बल दिया है.
प्रदूषण की निरंतरता और नियमों के उल्लंघन को देखते हुए हाई कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार के सचिव और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड (CECB) को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया है. इस हलफनामे में उन्हें यह विस्तार से बताना होगा कि दोषी डिस्टिलरीज और कंपनियों के खिलाफ अब तक क्या दंडात्मक कार्रवाई की गई है.
मामले की अगली सुनवाई 14 मई को निर्धारित की गई है, जिसमें प्रशासन को अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी.