छत्तीसगढ़: फार्मा सेक्टर में 18 महीनों में ₹992 करोड़ का निवेश प्रस्ताव
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ अब अपनी औद्योगिक पहचान को बदलते हुए देश में एक प्रमुख फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में तेजी से उभर रहा है. 'नीति आयोग' के 'इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026' में बड़े राज्यों की श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद राज्य में निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है.
औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के लागू होने के बीते 18 महीनों के भीतर राज्य को फार्मा सेक्टर में ₹992.53 करोड़ मूल्य के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. सबसे खास बात यह है कि निवेश के ये केवल दावे नहीं हैं, बल्कि इनमें से ₹216 करोड़ लागत की चार प्रमुख परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं और तेजी से निर्माण के चरणों में हैं.
नाइन-एम इंडिया, शंकरा लेटेक्स इंडस्ट्रीज, एविला फार्मास्युटिकल्स और वाइटल हेल्थ सर्विसेज द्वारा स्थापित की जा रही ये चार नई इकाइयां राज्य में फार्मा मैन्युफैक्चरिंग की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित हो रही हैं.
नवा रायपुर में 142 एकड़ में फैले अत्याधुनिक फ्लैगशिप 'फार्मा पार्क' ने प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी के बल पर निवेशकों को आकर्षित किया है, जहां महज एक साल में 7 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं.
इस तेजी से बदलते औद्योगिक परिदृश्य पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी औद्योगिक नींव को आधुनिक और विविधतापूर्ण बना रहा है. नवा रायपुर में फार्मा जैसे नए दौर के उद्योगों का यह उभार और धरातल पर उतरती परियोजनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि निवेशकों को राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतियों पर पूरा भरोसा है.
राज्य सरकार ने 'छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट, 2026' लागू कर देश का पहला रिस्क-बेस्ड रेगुलेटरी फ्रेमवर्क तैयार किया है, जिससे स्वीकृतियों की प्रक्रिया बेहद सरल हो गई है.
इसके साथ ही औद्योगिक नीति के तहत फार्मा उद्योग को 'थ्रस्ट सेक्टर' का दर्जा देकर कैपिटल असिस्टेंस, 12 वर्षों तक नेट एसजीएसटी रिइम्बर्समेंट, बिजली शुल्क और स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसे कई आकर्षक प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं.
एम्स रायपुर, आईआईटी भिलाई, आईआईएम और एनआईटी रायपुर जैसे शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों से मिल रहे कुशल मानव संसाधन तथा 26,000 मेगावाट से अधिक की सरप्लस बिजली क्षमता के साथ छत्तीसगढ़ अब मध्य भारत के सबसे भरोसेमंद और आधुनिक फार्मा मैन्युफैक्चरिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है.