भारी बारिश के कारण केके रेल लाइन बाधित
जगदलपुर । संवाददाता: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण केके रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है. यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले नवीनतम ट्रेन शेड्यूल और जानकारी की जांच कर लें.
मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट और पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते केके रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया है.
सुरक्षा कारणों से रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने और उनके मार्ग में बदलाव करने का निर्णय लिया है.
रेलवे के अनुसार, यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है.
18 और 19 अगस्त को विशाखापट्टनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस और किरंदुल-विशाखापट्टनम नाइट एक्सप्रेस को बदले हुए मार्ग पर चलाया जाएगा.
इसके अलावा, 18 अगस्त को विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर और किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेनें बीच में ही यात्रा समाप्त कर वापस लौटेंगी, जबकि 19 अगस्त को ये दोनों पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी.
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर लें.