जांजगीर-चांपा: अनियंत्रित होकर पलटी बस, 10 यात्री घायल
जांजगीर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना अंतर्गत ग्राम करनौद के पास रविवार सुबह कोरबा से सरायपाली की ओर जा रही 'राजधानी' ट्रेवल्स की एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. इस दुर्घटना में बच्चों और महिलाओं सहित कुल 10 लोग घायल हुए हैं.
चश्मदीदों के अनुसार, सुबह करीब 8:30 बजे यह हादसा उस वक्त हुआ जब लगभग 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बस ने सामने से आ रही एक अन्य बस को साइड देने की कोशिश की.
हादसे के समय बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से कई खड़े होकर सफर कर रहे थे. बस के पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और भीतर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.
सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए बम्हनीडीह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया.
चिकित्सकों के अनुसार, 10 घायलों में से तीन की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई.
घटना के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा. फिलहाल, पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.