बाइक-स्कूटी की टक्कर में 1 की मौत, 3 घायल
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में कोसला-भदरा मार्ग पर शनिवार शाम 4 से 5 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ. कोसाबाड़ी के पास तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में 25 वर्षीय अजित कश्यप की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, पनगांव का 28 वर्षीय युवराज साहू स्कूटी से भदरा गांव के साप्ताहिक बाजार सब्जी बेचने जा रहा था. दूसरी ओर, अजित कश्यप अपनी बाइक पर उमेंद्र पटेल और उनके बेटे शंकर पटेल के साथ पामगढ़ से अपने गांव कोसला लौट रहे थे.
कोसाबाड़ी के पास दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. अजित कश्यप के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि उमेंद्र, शंकर और युवराज साहू को भी गंभीर चोटें आईं.
घायलों को तुरंत पामगढ़ के सीएचसी अस्पताल ले जाया गया. अजित कश्यप की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बिलासपुर सिम्स अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. अन्य घायलों का इलाज जारी है.