जशपुर: ईब नदी में मिले शव की गुत्थी सुलझी, शराब विवाद में हत्या
जशपुरनगर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सोनक्यारी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरडीह में ईब नदी से मिले एक वृद्ध के शव के मामले में पुलिस ने अंधे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार 20 जनवरी को सरडीह गांव के पास ईब नदी में एक अज्ञात वृद्ध का शव मिलने की सूचना मिली थी. सोनक्यारी चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. जांच के दौरान मृतक की पहचान रामचंद्र राम (60) निवासी सरडीह के रूप में हुई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे मृत्यु का कारण हत्या होना स्पष्ट हुआ. इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना तेज की.
जांच के दौरान पुलिस को एक ट्रैक्टर चालक से अहम जानकारी मिली. चालक ने बताया कि घटना वाले दिन शाम को वह, मृतक रामचंद्र और सुबोध बेक ईब नदी के किनारे बैठकर शराब पी रहे थे. कुछ देर बाद चालक वहां से चला गया और रामचंद्र तथा सुबोध अकेले रह गए.
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए सुबोध बेक (28) को हिरासत में लेकर पूछताछ की. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि शराब के नशे में दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया. हाथ-मुक्कों से हुई पिटाई में रामचंद्र की मौत हो गई.
अपराध स्वीकारोक्ति और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.