छत्तीसगढ़ में निजी क्षेत्र में 15 हजार पदों पर भर्ती का मौका
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ सरकार के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. यह मेला 29 से 31 जनवरी 2026 तक शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सेजबहार (पुराना धमतरी रोड) में चलेगा.
इस मेले में देश भर की प्रमुख निजी कंपनियां भाग लेंगी और करीब 15 हजार से अधिक पदों पर स्पॉट इंटरव्यू के जरिए सीधी भर्ती की जाएगी. अवसर तकनीकी और गैर-तकनीकी दोनों तरह के पदों के लिए होंगे.
आईटीआई, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल, कंस्ट्रक्शन, सिक्योरिटी गार्ड, सेल्स एंड सर्विस, हेल्थकेयर समेत कई सेक्टर्स में नौकरियां उपलब्ध रहेंगी.
मेले में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों को रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट erojgar.cg.gov.in पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा. प्रोफाइल को पूरी तरह अपडेट रखें और इंटरव्यू के दिन मूल शैक्षिक प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र साथ लाएं. अगर अनुभव है तो उसका सर्टिफिकेट भी जरूर रखें.
बस्तर संभाग के युवाओं के लिए खास व्यवस्था की गई है. जगदलपुर सहित बस्तर डिवीजन के सभी जिलों के उम्मीदवारों का इंटरव्यू विशेष रूप से 31 जनवरी को होगा. इससे दूरदराज के इलाकों के युवाओं को बार-बार रायपुर आने की दिक्कत नहीं होगी.
अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार विभागीय पोर्टल देखें या अपने नजदीकी जिला रोजगार कार्यालय से संपर्क करें.