केशकाल में ट्रक से टकराई कार, डॉक्टर की मौके पर मौत
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के केशकाल थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर रविवार एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना ने एक चिकित्सक की जान ले ली. बीती रात ग्राम गारका के निकट तेज रफ्तार ट्रक और एक कार के बीच भीषण टक्कर हुई, जिसमें कार चला रहे डॉक्टर राजीव भगत की मौके पर ही मौत हो गई.
दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और डॉक्टर को बाहर निकालने के लिए पुलिस को काफी संघर्ष करना पड़ा.
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डॉक्टर लैलूंगा से सुकमा जिले के छिंदगढ़ की ओर जा रहे थे. देर रात अंधेरे और संभवतः दोनों वाहनों के चालकों को एक-दूसरे का वाहन न दिख पाने के कारण यह हादसा हुआ.
घटना की सूचना मिलते ही केशकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. मृतक के शव को कार से सावधानीपूर्वक निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है. थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक अनियंत्रित होकर आया था, जिससे टक्कर हुई.