कोरबा में रातों-रात चोरी हो गया 60 फीट का लोहे का पुल, लोग हैरान
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से चोरी का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर पुलिस प्रशासन के भी होश उड़ गए हैं. धोधिपारा स्थित रशियन हॉस्टल के पास नहर पर बना दशकों पुराना लोहे का पुल चोरों ने रातों-रात पार कर दिया.
बताया जा रहा है कि चोरों ने गैस कटर का इस्तेमाल कर भारी-भरकम पुल को टुकड़ों में काटा और उसे लेकर फरार हो गए. लगभग 60 फीट लंबे और 10 से 15 टन वजनी इस पुल की कीमत लाखों में आंकी जा रही है.
जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित यह पुल स्थानीय लोगों के आवागमन का मुख्य जरिया था. चोरी की वारदात सिर्फ पुल तक ही सीमित नहीं रही. चोरों ने नगर निगम की जल संवर्धन योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के सपोर्ट में लगे लोहे के भारी एंगलों को भी 10 से 15 फीट तक काट कर चोरी कर लिया है.
स्थानीय पार्षद लक्ष्मण श्रीवास की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. शहर के बीचों-बीच हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों की तलाश जारी है.