छत्तीसगढ़: BJP नेता ने कराई सुपारी देकर गोलीबारी, 5 गिरफ्तार
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में भाजपा नेता शक्ति सिंह और चार अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि शक्ति सिंह ने मुंबई से एक शूटर को सुपारी देकर तौसीफ मेमन के घर पर गोलीबारी कराई थी. इस घटना ने स्थानीय और राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है.
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गोलीबारी एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी. शक्ति सिंह ने तौसीफ मेमन को सबक सिखाने के लिए मुंबई निवासी दुर्गेश पांडेय को कोरबा बुलाया था. दुर्गेश ने पूछताछ में बताया कि उसे तौसीफ के परिवार को डराने का काम सौंपा गया था.
इस साजिश में शक्ति सिंह के साथ आशीष जांगड़े और हर्ष भी शामिल थे. पुलिस ने साइबर सेल की मदद से शक्ति सिंह को रायपुर और आशीष को कोरबा से गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
इस घटना की जड़ में प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तौसीफ मेमन ने तीन महीने पहले कटघोरा की एक हिंदू युवती को भगाकर पश्चिम बंगाल में शादी की थी. इस बात से नाराज शक्ति सिंह ने इसे 'लव जिहाद' मानते हुए तौसीफ को निशाना बनाने की योजना बनाई. शक्ति सिंह और दुर्गेश की मुलाकात पहले एक कार्यक्रम में हुई थी, जिसके बाद दोनों संपर्क में थे.
यह सनसनीखेज घटना 25 सितंबर की देर रात कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनियां गांव में हुई. तौसीफ मेमन के घर और उनकी दुकान के शटर पर दो गोलियां दागी गईं. गोलीबारी के बाद भाग रहे दुर्गेश पांडेय की बाइक का एक्सीडेंट हो गया, जिसके चलते ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. दुर्गेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में मुंबई में रहता है.
कौन है शक्ति सिंह?
शक्ति सिंह झारखंड का निवासी है और कोरबा के कोसाबाड़ी मंडल में भाजपा का मंडल महामंत्री है. वह सोशल मीडिया पर अक्सर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ तस्वीरें साझा करता रहता है. इस घटना के बाद उनकी गिरफ्तारी ने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है.
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शक्ति सिंह और कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन की तस्वीर साझा करते हुए कहा, "भाजपा सरकार में अपराधियों को खुली छूट है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शासन में सुपारी किलिंग जैसी घटनाएं आम हो गई हैं. शक्ति सिंह जैसे लोग भाजपा के संरक्षण में अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं."
पुलिस की कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, पुलिस आधिकारिक तौर पर इस घटना के पीछे 'लव जिहाद' के कारणों की पुष्टि करने से बच रही है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है.