बस की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की हालत नाजुक
रायपुर । संवाददाता: कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में एक दुखद हादसे में बाइक सवार परिवार को बस ने टक्कर मार दी है. जिसके चलते मजदूर करतार नायक और उनके 10 वर्षीय बेटे देवराज गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
इस हादसे में करतार की पत्नी और बेटी को भी हल्की चोटें आई हैं. पेंड्रा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार, करतार नायक अपने परिवार के साथ राजस्थान में मजदूरी करता था. वह ट्रेन से पेंड्रारोड़ स्टेशन पहुंचा और अपने एक परिचित की बाइक से पसान की ओर जा रहा था.
अमरपुर बसंतपुर मुख्य मार्ग पर एक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में करतार और उनके बेटे को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी और बेटी मामूली रूप से घायल हुईं.
स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी घायलों को पेंड्रा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पिता-पुत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया.