DMF घोटाला: गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जायेगा- रामविचार नेताम
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा में मंगलवार को एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मंत्री रामविचार नेताम ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने डीएमएफ (जिला खनिज निधि) और कृषि विभाग में हुए घोटालों पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी अनियमितताओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. नेताम ने स्पष्ट किया कि लंबे समय से चल रही गड़बड़ियों की जांच के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है.
उन्होंने जोर देकर कहा, "चोर भले ही चोरी छोड़ दे, लेकिन हेराफेरी करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आते. ऐसे लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी." जांच प्रक्रिया में सबूतों और आरोपियों के बयानों को आधार बनाया जा रहा है ताकि किसी भी दोषी को बचने का मौका न मिले.
इसके अलावा, नेताम ने बलरामपुर जिले के लुटिया जलाशय हादसे पर गहरा दुख जताया. उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है. अपने रायपुर दौरे को रद्द कर वे तत्काल प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना होने वाले हैं, जहां वे पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे.
यूरिया और डीएपी की कमी के सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में खाद की कोई बड़ी कमी नहीं है. जहां कुछ क्षेत्रों में आंशिक कमी देखी गई है, वहां सितंबर के अंत तक आपूर्ति पूरी कर ली जाएगी. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री से भी बातचीत हो चुकी है.
साथ ही, खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग को सतर्क रहने और लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.