कोरबा: कटघोरा में खुलेआम फायरिंग
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसनिया गांव में फायरिंग की सनसनीखेज घटना ने इलाके में दहशत फैला दी. अज्ञात हमलावरों ने एक घर और दुकान को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.
इस घटना में एक कारतूस मौके पर बरामद हुआ है. पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
घटना की जानकारी देते हुए मकान मालिक वसीम मेमन ने बताया कि वह अपने घर में थे जब अचानक दो गोलियों की आवाज सुनाई दी. गोली की आवाज सुनते ही वह तुरंत बाहर निकले. एक गोली उनके घर के शटर पर लगी, जबकि दूसरी गोली गली में मुख्य द्वार पर जाकर लगी.
वसीम ने बताया कि हमलावर दो लोग थे, जो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. उन्होंने आशंका जताई कि यह घटना उनके छोटे भाई के कोर्ट में चल रहे एक मामले से जुड़ी हो सकती है, जिसके बाद से कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था.
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी तुरंत मौके पर पहुंचे. उनके साथ पुलिस अधिकारियों की एक टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ भी मौजूद थे.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है. अभी तक फायरिंग के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन पुरानी रंजिश को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है और जल्द ही सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा. स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है, और पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है.