कर्ज और शराब की लत में डूबे मजदूर ने फांसी लगा ली
कोरबा । संवादताता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार थाना क्षेत्र में मेंन क्लब के नजदीक 50 वर्षीय रामधन केवट ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
रामधन केवट, जो अपने पिता केशव केवट के साथ झोपड़ी में पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहता था, मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करता था.
हालांकि, पिछले कुछ महीनों से वह काम पर नहीं जा रहा था, जिसके कारण उसे मजदूरी नहीं मिल रही थी. इस वजह से वह गहरे तनाव में था और शराब का आदी हो गया था.
परिजनों के अनुसार, वह अक्सर शराब पीकर घर लौटता और गाली-गलौज के साथ-साथ परिवार वालों के साथ मारपीट भी करता था.
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की शाम को परिवार के सदस्य पड़ोस में गणेश मूर्ति के विसर्जन के लिए गए थे, और रामधन घर पर अकेला था.
जब वे लौटे तो उन्होंने रामधन को फांसी के फंदे पर लटका पाया. इस दुखद घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
बताया जा रहा है कि रामधन कर्ज के बोझ तले भी दबा हुआ था, जिसने उसकी परेशानियों को और बढ़ा दिया था.
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने जानकारी दी कि रजगामार चौकी पुलिस ने इस मामले में मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और आगे की जांच शुरू कर दी है.