छत्तीसगढ़ APAAR ID बनाने में देश में अग्रणी, 50 लाख छात्रों ने बनाया
रायपुर । संवाददाता: डिजिटल शिक्षा की दिशा में छत्तीसगढ़ ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देश के बड़े राज्यों के बीच अपनी बढ़त बना ली है. राज्य सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 7 जनवरी तक छत्तीसगढ़ में कुल 50 लाख 60 हजार 941 छात्रों के 'ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री' (APAAR) आईडी जेनरेट किए जा चुके हैं.
यह राज्य के कुल 57,10,207 छात्रों का लगभग 88.63 प्रतिशत है, जो डिजिटल एजुकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक बड़ी छलांग है.
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, जिला स्तर पर बेमेतरा 96.40 प्रतिशत कवरेज के साथ सबसे आगे है, जबकि राजनांदगांव 96.38 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है.
रायगढ़, कोरिया, रायपुर, कोरबा, धमतरी, दुर्ग और बलौदाबाजार जैसे जिलों ने भी 93 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य हासिल कर लिया है.
नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, बलरामपुर और दंतेवाड़ा को छोड़कर शेष सभी जिलों ने 80 प्रतिशत से अधिक आईडी निर्माण का कार्य पूरा कर लिया है.
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार 31 जनवरी तक सभी छात्रों के आईडी बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे पूरा करने के लिए शिक्षक और अधिकारी युद्ध स्तर पर जुटे हुए हैं.
इस अपार आईडी के माध्यम से छात्रों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र और उपलब्धियां एक सुरक्षित डिजिटल लॉकर में जमा होंगी, जिससे देशभर में उनकी शैक्षणिक गतिशीलता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सकेगी.
गौरतलब है कि ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (APAAR), जिसे 'वन नेशन, वन स्टूडेंट आईडी' के रूप में भी जाना जाता है, भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है. यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत छात्रों के लिए शुरू की गई है.
स्थायी डिजिटल पहचान: यह प्रत्येक छात्र को दी जाने वाली 12 अंकों की एक विशिष्ट पहचान संख्या है, जो स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा तक उनके पूरे शैक्षणिक जीवन में समान रहती है.
डिजिटल लॉकर की सुविधा: यह आईडी 'डिजी लॉकर' (DigiLocker) से जुड़ी होती है. इसमें छात्र के सभी शैक्षणिक रिकॉर्ड जैसे मार्कशीट, डिग्री, डिप्लोमा, खेलकूद की उपलब्धियां और अन्य सर्टिफिकेट डिजिटल रूप में सुरक्षित रहते हैं.
एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC): छात्र जो भी क्रेडिट (अंक) अर्जित करते हैं, वे इस आईडी के माध्यम से उनके खाते में जमा हो जाते हैं. यदि कोई छात्र बीच में पढ़ाई छोड़ता है या कॉलेज बदलता है, तो उसके क्रेडिट सुरक्षित रहते हैं, जिससे दोबारा पढ़ाई शुरू करना आसान हो जाता है.
पारदर्शिता और सुरक्षा: इस सिस्टम से फर्जी दस्तावेजों और कागजी कार्रवाई के झंझट से मुक्ति मिलती है. साथ ही, प्रवेश प्रक्रिया और छात्रवृत्ति (Scholarship) के सत्यापन में पारदर्शिता आती है.
राष्ट्रव्यापी गतिशीलता: सबसे महत्वपूर्ण है कि छात्र यदि एक राज्य से दूसरे राज्य में पढ़ने जाता है, तो उसे दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन की आवश्यकता नहीं पड़ती. उसकी APAAR आईडी ही उसकी पूरी शैक्षणिक यात्रा का प्रमाण होती है.