धान की नीलामी से, छत्तीसगढ़ को करोड़ों की चपत
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा धान की निलामी, राज्य के लिए बड़ा नुकसान
रायपुर | रूची पांडेयः बिना किसी योजना, नीति और दूरगामी परिणाम की परवाह किए, महज वोट पाने के लिए राजनीतिक दल जब फ़ैसले लेते हैं, तो उसका हश्र अरबों रुपये की बर्बादी के रुप में सामने आता है.
छत्तीसगढ़ में भाजपा ने धान ख़रीदी के मामले में यही किया. समर्थन मूल्य से 900 रुपये अधिक में छत्तीसगढ़ सरकार ने धान की खरीदी की और अब उसे लगभग 1200-1300 रुपये के घाटे के साथ, खुले बाज़ार में नीलाम कर रही है.
भारतीय राजनीति अब अदूरदर्शिता का दूसरा नाम बन चुका है. इस अदूरदर्शिता में राजनीतिक दल जितनी बेशर्मी के साथ जनता के पैसों की बर्बादी करते हैं, उसका कोई दूसरा नमूना दुनिया भर में शायद ही मिले.
धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में 2018 में कांग्रेस ने धान की अधिक कीमत दे कर ही चुनाव की फसल काटी थी. कहा जाता है कि 2023 में भाजपा ने भी धान पर ही दांव लगाया.
जिस धान का समर्थन मूल्य 2200 रुपये प्रति क्विंटल था, उसे भाजपा ने सरकार बनने पर 3100 रुपये की दर से ख़रीदने का वादा किया. महिलाओं को 1000 रुपये नकद और धान के लिए प्रति क्विंटल 3100 रुपये की कीमत ने कांग्रेस की विदाई तय की और भाजपा सत्ता में आई.
खाद्य संकट से जूझते देश में किसानों की उपलब्धि भले सबसे अधिक रही हो लेकिन वो हमेशा से हाशिए पर रहे हैं.
स्वामीनाथन आयोग के सी2 फार्मूले के अनुसार, धान का समर्थन मूल्य 2,886.50 रुपये होना चाहिए था, लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों को इससे कहीं अधिक यानी 3100 रुपये प्रति क्विंटल दिया.
सरकार ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों से कहीं अधिक भुगतान किया. हालांकि महज वोट के लिए ही सही, किसानों को इतनी रकम दिए जाने का हर जगह स्वागत किया गया.
सरकार ने 2023-24 में भी इसी दर पर धान की ख़रीदी की और 2024-25 में भी. 2024-25 में राज्य की भाजपा सरकार ने 149 लाख टन धान की खरीदी की और इसे अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि के तौर पर प्रचारित भी किया.
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगभग हर सप्ताह धान खरीदी को लेकर बोलते रहे, लेकिन यह सब करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार यह भूल गई कि इतनी मात्रा में खरीदी गई धान का वह करेगी क्या ?
इस तरह से होता है धान खरीदी का निपटारा
किसानों से खरीदे हुए धान को राज्य सरकार मिलर्स को देती है और उनसे चावल लेकर केंद्र सरकार को देती है, जिसे सेंट्रल पूल कहा जाता है.
इसे केंद्र सरकार अलग-अलग योजनाओं में राशन के बतौर लोगों को बेचती और बांटती है. इसके अलावा राज्य सरकार कुछ चावल स्टेट पूल में रखती है, जिसे अपनी योजनाओं में खर्च करती है.
1200 रुपये के घाटे में नीलामी
पिछले साल यानी 2024-25 में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार ने 149 लाख 24 हजार 710 टन धान की खरीदी की थी. राज्य के खाद्य मंत्री के अनुसार इसमें से केंद्र सरकार ने केवल 70 लाख मैट्रिक टन चावल ही सेन्ट्रल पूल में लेना स्वीकार किया.
इसके अलावा राज्य पूल में नागरिक आपूर्ति निगम 13.34 लाख मैट्रिक टन चावल की खपत करेगी. लेकिन शेष 40 लाख मैट्रिक टन धान का क्या होगा? इस बारे में सरकार ने न सोचा और ना ही कोई नीति बनाई.
अब 3100 रुपये क्विंटल की दर से खरीदे गए धान को राज्य सरकार 1900 और 2000 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खुले बाज़ार में नीलाम कर रही है. हो सकता है यह दर अभी और कम हो.
यानी 40 लाख टन धान छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार, प्रति क्विंटल कम से कम 1200 रुपये के घाटे में बेच रही है.इस नीलामी पर विपक्ष ने लगातार सवाल भी उठाए. विधानसभा में भी बहस हुई और प्रेस कांफ्रेंसों में भी.
सरकार को 7 हजार करोड़ का नुकसान- महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार फेल हुई है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा केन्द्रीय पूल में छत्तीसगढ़ से पूरे धान का चावल नहीं लिए जाने के कारण नीलामी के जरिए सरकार घाटे में धान का विक्रय कर रही है.
इससे राज्य को कम से कम 7 हजार करोड़ रुपए का नुकसान होगा. नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा था कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की योजना भारत सरकार की योजना है और राज्य सरकार के द्वारा केन्द्र की ऐजेंसी के रूप में धान उपार्जन का कार्य किया जाता है.
इसलिए केन्द्र सरकार को चाहिए सम्पूर्ण सरप्लस धान का चावल केन्द्रीय पूल में ले.
पंजाब की पूरी धान खरीद रही केंद्र सरकार
महंत ने कहा कि पंजाब में इसी सीजन में कुल 172 लाख मीट्रिक टन धान का उपार्जन हुआ है और इस सम्पूर्ण धान का चावल केन्द्रीय पूल में लिया जा रहा है.
पंजाब में तो भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार भी नहीं है. जबकि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन सरकार होने के बाद भी छत्तीसगढ़ का पूरा सरप्लस चावल केन्द्रीय पूल में नहीं लिया जाना और 7 हजार करोड़ रुपए का नुकसान, अनावश्यक आर्थिक भार राज्य के खजाने पर डालना अत्यधिक दुर्भाग्यपूर्ण है.
धान खरीदी की व्यवस्था खतरे में- बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा और कहा कि अगर इसी तरह राज्य को नुकसान होता रहा तो भविष्य में धान खरीदी की पूरी व्यवस्था खतरे में पड़ सकती है.
हालांकि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दावा किया कि सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक कार्य किया है. प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए में खरीदी की है.
सरकार ने छत्तीसगढ़ के किसानों की खुशहाली और समृद्धि के लिए यह निर्णय लिया है.
जनता की कमाई को लुटाना समृद्धि नहीं
अरुण साव के दावे अपनी जगह सही हैं लेकिन 1200 रुपये प्रति क्विंटल के घाटे में 40 लाख टन धान को खुले बाज़ार में लुटा देना, असल में राज्य की अर्थव्यवस्था को दीमक के हवाले करने की तरह है.
जनता की गाढ़ी कमाई को नीलामी के नाम पर निजी व्यापारियों को लुटा देना, कम से कम जनता की खुशहाली और समृद्धि का प्रतीक तो नहीं ही हो सकता है.
लेकिन राजनीति में जब वोट पहली प्राथमिकता हो तो अर्थव्यवस्था, खुशहाली और समृद्धि की परिभाषा भी बदल जाती है.