बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: खनिज कल्याण फंड में बड़ी लापरवाही- CAG

C

CG Khabar

15 जुल. 2026, 02:29 AM 3 मिनट में पढ़ें 17

CAG
CAG

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधान सभा में पेश नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की ऑडिट रिपोर्ट ने राज्य में खनन प्रभावित क्षेत्रों के कल्याण के लिए चल रही 'प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना' (पीएमकेकेकेवाई) और डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के कामकाज पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सीएजी की इस रिपोर्ट में खनिज फंड के प्रबंधन, प्रोजेक्ट्स की प्लानिंग और उनके क्रियान्वयन में बड़ी कमियों और अनियमितताओं का खुलासा किया गया है, जिससे यह साफ होता है कि जिस जनहित के लिए यह पैसा जुटाया गया था, वह असल हकदारों तक ठीक से पहुंच ही नहीं पाया.


केंद्र सरकार द्वारा सितंबर 2015 में शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य खनन गतिविधियों से प्रभावित लोगों और इलाकों के विकास के लिए जिला स्तर पर फंड जुटाकर काम करना था. छत्तीसगढ़ में इन ट्रस्टों ने उपलब्ध राशि का लगभग 81 प्रतिशत यानी 4,536.58 करोड़ रुपये खर्च भी किए, लेकिन नियोजन की भारी कमी के कारण इस भारी-भरकम बजट का आधा लाभ भी प्रभावित गांवों को नहीं मिल सका. 

विज्ञापन


सीएजी के ऑडिट में सामने आया है कि 11 चयनित जिलों के कुल 1,734 सीधे तौर पर प्रभावित गांवों में से 754 गांव (लगभग 44 प्रतिशत) विकास कार्यों से पूरी तरह अछूते रह गए. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि नियमों को ताक पर रखकर बिना किसी अनिवार्य वार्षिक बजट, विजन डॉक्यूमेंट या मास्टर प्लान के ही धड़ल्ले से करोड़ों रुपये के काम सेंक्शन कर दिए गए.


इतना ही नहीं, ट्रस्ट के गठन के बाद प्रभावित क्षेत्रों की पहचान करने में ही प्रशासनिक स्तर पर 5 से 65 महीनों की भारी देरी की गई. इस कछुआ चाल के बीच नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना औपचारिक अधिसूचना के ही 1,060.70 करोड़ रुपये के काम स्वीकृत कर दिए गए. गांवों को नियम सम्मत तरीके से अधिसूचित करने के बजाय केवल जिला कलेक्टरों के कार्यालय आदेशों के भरोसे छोड़ दिया गया. 


रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों की लापरवाही और कमजोर मॉनिटरिंग के चलते 41.80 करोड़ रुपये की राशि ऐसे अधूरे प्रोजेक्ट्स और अनुपयोगी संपत्तियों पर बर्बाद हो गई, जिनका जनता को कोई लाभ नहीं मिल रहा है. इनमें बायोगैस बिजली संयंत्र, कला एवं संस्कृति केंद्र, पोल्ट्री यूनिट और मशरूम उत्पादन केंद्र शामिल हैं जो अब सफेद हाथी साबित हो रहे हैं.


फंड के दुरुपयोग का आलम यह रहा कि नियमों को दरकिनार कर 30.73 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न सरकारी कार्यालयों के निर्माण, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण जैसे गैर-प्राथमिकता वाले कामों पर खर्च कर दी गई, जबकि यह पैसा सीधे तौर पर ग्रामीणों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए था. 


खरीदारी के मामले में भी छत्तीसगढ़ स्टोर परचेज रूल्स, 2002 का खुला उल्लंघन देखा गया, जहां 17.49 करोड़ रुपये के काम बिना ओपन टेंडर के केवल चुनिंदा कोटेशन के आधार पर बांट दिए गए और 38.82 करोड़ रुपये की खरीद बिना किसी तकनीकी स्पष्टीकरण के की गई.


राज्य स्तर पर निगरानी रखने वाली कमेटियों की बैठकें समय पर नहीं हुईं और पारदर्शिता का यह हाल रहा कि जिलों की वेबसाइट्स पर बजट, खर्च और बैठकों के प्रस्तावों की जानकारी तक अपडेट नहीं की गई. 


इसके अलावा, फील्ड स्तर पर काम करने के लिए स्टाफ की भारी किल्लत है. बेमेतरा और महासमुंद जैसे जिलों में तो सभी स्वीकृत पद खाली पड़े हैं. सीएजी ने अंत में इन कमियों को दूर करने के लिए वित्तीय प्रबंधन सुधारने, पारदर्शिता बढ़ाने और कड़ी जवाबदेही तय करने की सख्त सिफारिश की है ताकि खनन प्रभावितों का हक उन्हें मिल सके.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

5 दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

6 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

2 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

3 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

3 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP