माशूका के पति को 'मौत का गिफ्ट'
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 20 वर्षीय युवक विनय वर्मा ने एकतरफा प्रेम में डूबकर अपनी माशूका के पति की हत्या की साजिश रची. इसके लिए उसने म्यूजिक सिस्टम के भीतर 2 किलो का आईईडी (विस्फोटक यंत्र) छिपाकर उसे गिफ्ट के रूप में भेजा. लेकिन संदिग्ध पार्सल पर शक होने के कारण समय रहते साजिश नाकाम हो गई और एक बड़ा हादसा टल गया.
पुलिस जांच में सामने आया कि विनय वर्मा ने ऑनलाइन ट्यूटोरियल देखकर आईईडी तैयार किया था. उसकी गूगल सर्च हिस्ट्री में “पुलिस के हत्थे चढ़े बिना किसी को बम से मारने का तरीका” जैसे खतरनाक कीवर्ड मिले. डिवाइस को इस तरह डिजाइन किया गया था कि बिजली का करंट लगते ही डेटोनेटर के जरिए विस्फोट हो जाता.
गंडई थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी अफसर खान के नाम पर यह पार्सल भेजा गया था. पैकिंग पर नकली इंडिया पोस्ट का लोगो था. जब खान को पार्सल पर शक हुआ, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. बम निरोधक दस्ते ने जांच में पाया कि नए स्पीकर बॉक्स में जिलेटिन स्टिक और डेटोनेटर फिट किए गए थे. विस्फोट की स्थिति में स्पीकर का बाहरी हिस्सा घातक छर्रों में बदल जाता.
पुलिस के अनुसार, विनय वर्मा उस महिला से एकतरफा प्यार करता था, जिसने हाल ही में अफसर खान से शादी कर ली थी. इसके बाद उसने खान को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और ‘मौत का गिफ्ट’ भेजा.
इस मामले में विनय वर्मा के साथ परमेश्वर वर्मा (25), गोपाल वर्मा (22), घसीराम वर्मा (46), दिलीप धीमार (38), गोपाल खेलवार और खीलेश वर्मा (19) समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जांच में खुलासा हुआ कि विस्फोटक सामग्री दुर्ग जिले की एक पत्थर खदान से चोरी की गई थी. इससे अवैध विस्फोटक तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है.
जिला पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने कहा, “यह कार्रवाई सिर्फ एक हत्या की साजिश को नाकाम करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने क्षेत्र में सक्रिय अवैध विस्फोटक आपूर्ति के नेटवर्क का भी खुलासा किया है.”
(फोटो: प्रतीकात्मक)