सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: मानसून की बेरुखी, 33 में से 18 जिलों में सूखा जैसे हालात

C

CG Khabar

19 जुल. 2026, 09:11 PM 3 मिनट में पढ़ें 14

बारिश
बारिश

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार बेहद असमान बनी हुई है. मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 33 में से 18 जिलों में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है. 1 जून से 19 जुलाई के बीच पूरे प्रदेश में जहां आमतौर पर 418.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, वहां अब तक केवल 317.8 मिमी पानी ही बरसा है. 


इसके चलते छत्तीसगढ़ में कुल 24% बारिश की कमी दर्ज की गई है, जिससे राज्य 'कम बारिश' यानी डेफिसिएंट श्रेणी में बना हुआ है.

विज्ञापन


मौसम केंद्र रायपुर के आंकड़ों के अनुसार, सबसे खराब स्थिति सरगुजा संभाग और बस्तर के कुछ इलाकों की है. सरगुजा जिले में सामान्य से 58% कम बारिश हुई है, जबकि कांकेर में 53%, जशपुर में 50% और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में भी 50% की भारी कमी देखी गई है. इसके अलावा बेमेतरा, सुकमा, कोंडागांव, सूरजपुर और बस्तर जैसे जिलों में भी मानसून कमजोर रहा है.


दूसरी तरफ, प्रदेश के चार जिलों में इस सीजन में झमाझम बारिश हुई है. सारंगढ़-बिलाइगढ़ में सामान्य से 55% अधिक पानी बरसा है. इसके बाद मुंगेली में 27%, जांजगीर-चांपा में 25% और बलौदाबाजार में 20% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. 


राजधानी रायपुर और बिलासपुर सहित 12 जिलों में स्थिति फिलहाल सामान्य बनी हुई है. 19 जुलाई को मनेन्द्रगढ़ में सबसे ज्यादा 83.1 मिमी और बिल्हा में 70.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, लेकिन कई इलाके पूरी तरह सूखे या हल्की बूंदाबांदी तक ही सीमित रहे. 


मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि खरीफ फसलों की बुआई और खेती को बचाने के लिए जुलाई के आखिरी दिनों में व्यापक और भारी बारिश होना बेहद जरूरी है.


सालों पुराने रिकॉर्ड्स: जुलाई महीने में कब टूटे रिकॉर्ड?


मौसम विभाग के ऐतिहासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों में जुलाई के महीने में भारी बारिश का लंबा इतिहास रहा है:


रायपुर: यहां जुलाई के महीने में अब तक की सबसे ज्यादा 988.8 मिमी बारिश साल 1884 में दर्ज की गई थी, जबकि 24 घंटे में सबसे अधिक 275.2 मिमी बारिश का रिकॉर्ड 14 जुलाई 2009 को बना था.


बिलासपुर: हाल ही में साल 2025 में बिलासपुर ने जुलाई महीने में रिकॉर्ड 637.5 मिमी की सबसे उच्चतम मासिक बारिश देखी, वहीं 24 घंटे का रिकॉर्ड 24 जुलाई 2021 को 123.2 मिमी रहा.


पेंड्रा रोड: साल 1961 में यहां जुलाई के दौरान सबसे ज्यादा 862.8 मिमी पानी गिरा था, और 5 जुलाई 1953 को एक ही दिन में 166.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी.


जगदलपुर: बस्तर के इस प्रमुख शहर में साल 2022 की 12 जुलाई को महज 24 घंटे के भीतर 258.2 मिमी की मूसलाधार बारिश हुई थी, जिससे साल 2022 में जुलाई का मासिक रिकॉर्ड 716.5 मिमी पहुंच गया.


अंबिकापुर: यहां साल 2001 में जुलाई के महीने में सबसे ज्यादा 849.8 मिमी बारिश हुई थी, जबकि 27 जुलाई 2013 को 24 घंटे के भीतर 181.8 मिमी बारिश का रिकॉर्ड दर्ज है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

4 दिन पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

5 दिन पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

नवजात हाथी का ड्रोन से लिया फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

कोरबा: जंगल में गश्त के दौरान दिखा नवजात हाथी, सुरक्षा में तैनात हुआ ड्रोन

2 सप्ताह पहले

नक्सली
छत्तीसगढ़ विशेष

समर्पण करने वाले नक्सलियों में क्यों मची है खलबली?

2 सप्ताह पहले

File Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ का महासमुंद बना गांजा तस्करी का मुख्य ट्रांजिट कॉरिडोर, 10 टन गांजा जब्त

2 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP