नारायणपुर: बच्ची से रेप के बाद कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी गिरफ्तार
नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक रूहकंपा देने वाली घटना सामने आई है. वहां 31 दिसंबर से लापता एक 11 वर्षीय बच्ची का शव रविवार को पास के ही कोसरा गांव के एक खेत में बरामद हुआ.
पुलिस के अनुसार, बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी कुल्हाड़ी से मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि इस जघन्य अपराध के सिलसिले में पुलिस ने गुनेर गांव के एक 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो पीड़िता के परिवार का परिचित बताया जा रहा है.
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने और अपराध को दबाने के उद्देश्य से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
फिलहाल पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है और प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है.