नारायणपुर: दो ईसाई परिवारों की पिटाई और गांव छोड़ने मजबूर किया
नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र से धर्मांतरण को लेकर हिंसक झड़प की खबर सामने आई है. ग्राम इकनार में रहने वाले दो ईसाई परिवारों ने आरोप लगाया है कि उनके साथ ग्रामीणों ने मारपीट की और उन्हें जबरन गांव छोड़ने के लिए मजबूर किया.
पीड़ितों का कहना है कि ग्रामीणों ने उनके घरों में तोड़फोड़ की, राशन जला दिया और उनके महत्वपूर्ण दस्तावेजों को भी आग के हवाले कर दिया. घायल अवस्था में परिवारों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपना इलाज कराया और स्पष्ट किया कि वे किसी भी दबाव में आकर अपना नया धर्म नहीं छोड़ेंगे.
दूसरी ओर, ग्रामीणों का तर्क है कि ये परिवार अपनी पारंपरिक मान्यताओं और स्थानीय रीति-रिवाजों का विरोध कर रहे थे, जिससे गांव में सांस्कृतिक तनाव पैदा हो रहा था.
ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं.