जगदलपुर में शुक्रवार 140 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण करेंगे
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ा घटनाक्रम होने जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में शुक्रवार, 17 अक्टूबर को जगदलपुर में 140 से अधिक नक्सली आत्मसमर्पण करेंगे. पुलिस और प्रशासनिक अमला इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा हुआ है. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि यह आत्मसमर्पण राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों का परिणाम है. उन्होंने कहा, “बस्तर की जनता अब लाल आतंक नहीं चाहती. यह क्षेत्र विकास, शांति और स्थायित्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है. हम इन नक्सलियों का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेंगे.”
जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी नेता रूपेश के नेतृत्व में 100 से अधिक हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करेंगे. जगदलपुर में इस संबंध में आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
इस अवसर पर गृहमंत्री शर्मा ने कांग्रेस नेता दीपक बैज के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि झीरम घाटी की घटना में हमने अपना नेतृत्व खोया था, और उस घटना की रिपोर्ट को कांग्रेस सरकार ने पांच साल तक दबाकर रखा. उन्होंने कहा कि आज जो बदलाव बस्तर में दिख रहा है, वह नई सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है.
गृहमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे. वे 31 अक्टूबर की रात रायपुर पहुंचेंगे और एक नवंबर को राज्योत्सव के मुख्य समारोह में शामिल होंगे. इसके बाद 28 से 30 नवंबर तक पीएम डीजी कॉन्फ्रेंस में शिरकत करेंगे.