सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: ट्रेन की चपेट में आने से 1 भालू और 4 लंगूरों की मौत

C

CG Khabar

09 जुल. 2026, 01:05 AM 2 मिनट में पढ़ें 13

रेलवे
रेलवे

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग रेल हादसों में एक भालू और चार लंगूरों की ट्रेन से टकराने के कारण दर्दनाक मौत हो गई. पहली घटना रायगढ़ जिले के कालमी के पास की है, जहां मंगलवार शाम को रेलवे ट्रैक पार करते समय चार लंगूर ट्रेन की चपेट में आ गए. ये लंगूर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम की अनुसूची-II के तहत संरक्षित हैं.


हादसे में तीन लंगूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय निवासियों की सूचना पर पशु बचाव समिति के सदस्यों ने घायल लंगूर को इलाज के लिए इंदिरा विहार पहुंचाया, लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया. 

विज्ञापन


वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद कानूनी औपचारिकताएं शुरू कर दी हैं. रेंजर संजय लाकरा ने बताया कि शुरुआती जांच से साफ है कि जानवरों की मौत चलती ट्रेन से टकराने के कारण हुई है, हालांकि अभी तक उस ट्रेन की पहचान नहीं हो सकी है.


वहीं दूसरी घटना बेलगहना वन क्षेत्र की है, जहां बुधवार को रेलवे ट्रैक के पास एक नाले में एक वयस्क भालू का शव मिला. ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे में लिया. अधिकारियों को आशंका है कि भालू पटरी पार कर रहा होगा, तभी ट्रेन की टक्कर से वह नाले में जा गिरा. मौत के सटीक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी.


राज्य में वन्यजीवों के ट्रेन से टकराने की बढ़ती घटनाओं ने अब संरक्षणवादियों की चिंता बढ़ा दी है. पिछले महीने ही रायगढ़ के चरमार के पास एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक मादा हाथी की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसका दल घंटों शव के पास मौजूद रहा था. 


पर्यावरणविदों ने रेलवे और वन विभाग से मांग की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में ट्रेनों की गति नियंत्रित की जाए, जानवरों के निकलने के रास्तों की पहचान हो और जल्द से जल्द अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाए जाएं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP