छत्तीसगढ़ पुलिस ने भेष बदलकर दिल्ली से दबोचा करोड़ों के चोर को
दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में एक ऐसे बड़े अंतरराज्यीय चोर गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है, जो देश के कई राज्यों में करोड़ों रुपये की चोरियों को अंजाम दे चुका था. आरोपी नासिर अनस खान को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को दिल्ली के शाहीन बाग में पहले बकरी व्यापारी और फिर जनगणना अधिकारी बनकर रेकी करनी पड़ी. इसके बाद भी जब आरोपी लग्जरी कार से भागने लगा, तो पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे पर 150 से 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से करीब 300 किलोमीटर तक उसका पीछा कर उसे दबोच लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नासिर दिल्ली, मेरठ और बिहार सहित देश के कई बड़े शहरों में सक्रिय एक हाई-टेक चोरी सिंडिकेट का सरगना है.
छत्तीसगढ़ के भिलाई, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर के अलावा भोपाल, इंदौर और चंडीगढ़ में हुई कई करोड़ रुपये की चोरियों में उसका हाथ रहा है.
दुर्ग पुलिस ने इस मामले में पहले मेरठ निवासी हाशिम खान और चोरी का सोना खरीदने वाले सर्राफा कारोबारी सलीम खान को गिरफ्तार किया था, जिनसे 60 लाख रुपये का सोना बरामद हुआ था. पूछताछ में ही मास्टरमाइंड नासिर का नाम सामने आया था.
दुर्ग के एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि आरोपी नासिर बेहद शातिर है और अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाने बदल रहा था. दिल्ली के शाहीन बाग और मदनपुर खादर जैसे घने इलाकों में सीधे निगरानी करना नामुमकिन था, इसलिए पुलिस टीम ने स्थानीय रंग-ढंग में ढलने का फैसला किया.
कुछ पुलिसकर्मियों ने बकरी व्यापारी का रूप धारण किया और स्थानीय बाजार में करीब 12 बकरियां भी बेचीं ताकि किसी को शक न हो. इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जनगणना अधिकारी बनकर घर-घर जाकर संदिग्ध किरायेदारों की जानकारी जुटाई.
क्राइम ब्रांच के डीएसपी युदामणि सिदार ने बताया कि एक हफ्ते के इस अंडरकवर ऑपरेशन के बाद सूचना मिली कि नासिर चोरी के पैसों से खरीदी गई लग्जरी एसयूवी से बिहार के दरभंगा भागने की फिराक में है. इसके बाद पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और यमुना एक्सप्रेसवे पर बेहद खतरनाक और तेज रफ्तार पीछा करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
नासिर के पास से ₹7 लाख का डायमंड ब्रेसलेट, सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और चोरी की रकम से खरीदी गई लग्जरी गाड़ी समेत करीब ₹20 लाख का सामान बरामद किया गया है. आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया है, जहां उससे गिरोह के अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है.