रायगढ़: तेज रफ्तार ट्रेलर ने ली युवक की जान, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शनिवार सुबह तमनार थाना क्षेत्र के कुंजेमुरा गांव के निकट एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार एक युवक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक की पहचान लिबरा निवासी गोल्डी सेठ के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, वह अपनी बाइक पर काम पर जा रहे थे, तभी जिंदल स्कूल के पास करीब 10 बजे यह हादसा हुआ.
ट्रेलर चालक की लापरवाही और अनियंत्रित रफ्तार के कारण युवक को जोरदार टक्कर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई. गोल्डी एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करते थे.
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया. साथ ही मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए उन्होंने मुआवजे की मांग की. परिजनों को उचित मुआवजा राशि देने और परिवार के किसी सदस्य को कंपनी में नौकरी दिलाने की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर धरना देते हुए चक्काजाम कर दिया.
इस कारण हुंकराडिपा चौक से गारे जाने वाले रास्ते पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस के साथ रायगढ़ से अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत करने और स्थिति सामान्य करने की कोशिश में जुटे.