रायगढ़: कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, बच्चे सहित युवक की मौत
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय बच्चे समेत एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार कार द्वारा स्कूटी को सामने से टक्कर मारे जाने से यह हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
घटना ग्राम तेतला हायर सेकेंडरी स्कूल के पास दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, रायगढ़ से चंद्रपुर की ओर जा रही एक कार के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार दोनों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर बड़ी संख्या में जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई. पुसौर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान स्कूटी की जेब में मिले कागजात के आधार पर की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी में युवक का नाम रामेश्वर निषाद, निवासी मिट्ठमुडा बताया जा रहा है. मृतकों में एक की उम्र करीब 30 वर्ष और दूसरे की उम्र लगभग 7 वर्ष बताई गई है.
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही इसी मार्ग पर, बड़े भंडार के पास, एक अन्य सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान जा चुकी है. लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है.