रायगढ़ में डेम के पास लाश मिलने से सनसनी
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में रविवार को एक चौंकाने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. उच्चभट्ठी गांव के निकट डेम के किनारे जिंदल प्लांट में मजदूरी करने वाले 43 वर्षीय प्रभुनाथ चैहान का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ. स्थानीय लोगों ने सुबह होते ही इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई.
परिजनों का आरोप है कि यह हत्या का साफ मामला है. मूल रूप से जैजेपुर के निवासी प्रभुनाथ पिछले सात वर्षों से कोसमपाली के श्रमिक विहार में रहकर प्लांट में काम कर रहे थे. तीन दिनों से वे लापता थे और परिवार उनकी तलाश में जुटा हुआ था. शनिवार रात को ही थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी. रविवार सुबह डेम के पास उनका शव और लावारिश मोटरसाइकिल मिलने से सारा इलाका सन्न रह गया.
फॉरेंसिक विशेषज्ञों की प्रारंभिक जांच में शव करीब एक दिन पुराना पाया गया. कोतरा रोड थाने के प्रभारी मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा भरवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया.
विशेषज्ञ पीएस भगत ने कहा कि विस्तृत रिपोर्ट आने पर ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा. डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट का इंतजार है.
मृतक के बड़े भाई ने दर्द भरे लहजे में कहा कि 13 अक्टूबर को उनकी मां का रायगढ़ के एक अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था, जहां उनका इलाज चल रहा है. उसी दौरान चारों भाई अस्पताल पहुंचे थे. गुरुवार दोपहर के बाद प्रभुनाथ का फोन बंद हो गया. उन्होंने शक जताया कि अज्ञात लोगों ने कहीं और हत्या कर शव को डेम के पास फेंक दिया, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद पकड़े न जाएं.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि डेम के आसपास हमेशा लोगों की आवाजाही बनी रहती है. यह जगह अक्सर घूमने-फिरने वालों से गुलजार रहती है, इसलिए हत्या करके शव यहीं ठिकाने लगाने की आशंका से कोई इंकार नहीं कर रहा. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावनाओं की पड़ताल शुरू कर दी है.