रायगढ़ में दंतैल हाथी का राइस मिल में उत्पात
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के धर्मजयगढ़ वन मंडल के अंतर्गत मेढरमार गांव में संचालित संजय राइस मिल में बीती रात एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने राइस मिल का मुख्य द्वार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कई बोरी धान खाने के साथ-साथ उसे इधर-उधर बिखेर दिया.
इस घटना से राइस मिल के कर्मचारियों में दहशत फैल गई, और रातभर अफरातफरी का माहौल रहा.
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हाथी सबसे पहले रात 10 बजे के आसपास आमगांव की ओर से आया और राइस मिल में घुस गया.
इसके बाद, रात 12 बजे और फिर 1:15 बजे के करीब, हाथी ने दोबारा और तिबारा राइस मिल में प्रवेश किया.
हर बार हाथी मित्र दल की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश की.
इसके बावजूद, हाथी बार-बार लौटता रहा, जिससे कर्मचारियों में भय व्याप्त रहा.
हाथी मित्र दल की त्वरित कार्रवाई के बाद हाथी को जंगल की ओर भगाया गया, और कर्मचारियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई.
इस घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों और मानवों के बीच बढ़ते टकराव की समस्या को फिर से उजागर किया है.