रायगढ़: नाबालिग से दुष्कर्म पर 20 साल की कठोर सजा
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढञ के रायगढ़ में नाबालिग लड़की को शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक शोषण करने के मामले में जिला न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी को बड़ी सजा सुनाई है. खरसिया थाना क्षेत्र के रहने वाले 25 वर्षीय कार्तिक जायसवाल को विशेष पॉक्सो कोर्ट ने 20 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा दी है, साथ ही 5 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
जुर्माना नहीं चुकाने पर अतिरिक्त चार महीने की जेल की सजा भुगतनी होगी.
मामले की जानकारी के अनुसार, आरोपी कार्तिक जायसवाल पीड़िता के पड़ोस में रहता था और करीब दो वर्षों से उसे शादी का वादा करके बहका रहा था. जुलाई 2024 की एक रात को उसने लड़की को अपने पुराने मकान में बुलाया और झूठे वादे के सहारे उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध स्थापित किए.
इसके बाद पीड़िता जब परिवार के साथ कोरबा चली गई, तब भी आरोपी वहां पहुंचकर इस कृत्य को दोहराता रहा.
परिणामस्वरूप, 16 वर्षीय पीड़िता पांच महीने की गर्भवती हो गई. जब उसने शादी की जिद की तो आरोपी ने साफ मना कर दिया. आखिरकार, 7 दिसंबर 2024 को पीड़िता ने खरसिया पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया.
फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (पॉक्सो) के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेंद्र साहू ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपी को दोषी ठहराया.