रायपुर ऑटो एक्सपो: वाहन खरीद पर 50% आरटीओ टैक्स छूट
रायपुर । संवाददाता: आज मंगलवार से 15 दिनों तक वाहन खरीदने पर आरटीओ टैक्स में 50 फीसदी तक की छूट मिलेगी. छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा ऑटो एक्सपो–2026 का आयोजन 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक श्री राम बिजनेस पार्क, विधानसभा रोड, सड्डू (रायपुर) में किया जा रहा है. इस एक्सपो के तहत वाहनों की खरीद पर जीवनकाल आरटीओ टैक्स में एकमुश्त 50 फीसदी की छूट दी जा रही है.
ऑटो एक्सपो में बिकने वाले सभी वाहनों पर यह छूट लागू होगी, जिससे प्रदेश के आम नागरिकों को बड़ा आर्थिक लाभ मिलेगा. खास बात यह है कि वाहन खरीदने के लिए लोगों को रायपुर आना अनिवार्य नहीं होगा. वे अपने गृह जिले या नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे और वाहन का पंजीयन अपने ही जिले के आरटीओ कोड से करा सकेंगे.
इस बार ऑटो एक्सपो में रायपुर जिले के 95 और अन्य जिलों के 171 सहित कुल 266 डीलर भाग ले रहे हैं. दूरस्थ इलाकों के डीलरों की भागीदारी से स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. एक्सपो में दोपहिया, तिपहिया, कार, एसयूवी और व्यावसायिक वाहनों सहित नवीनतम तकनीक से लैस नए मॉडल एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं.
इसके साथ ही देश के प्रमुख बैंक और फाइनेंस कंपनियां कम ब्याज दर पर वाहन ऋण, जबकि इंश्योरेंस कंपनियां कम प्रीमियम पर बीमा सुविधा दे रही हैं. डीलरों और वित्तीय संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा के चलते वाहनों की कीमतों में भी अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना है.
उल्लेखनीय है कि ऑटो एक्सपो–2025 में करीब 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी और लगभग 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स छूट आम जनता को मिली थी.