बस्तर बाढ़ प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर बस्तर संभाग के लिए विशेष बाढ़ राहत पैकेज की मांग की है. हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ से बस्तर के कई गांव और कस्बे बुरी तरह प्रभावित हुए हैं. कई मकान बह गए, परिवार बेघर हो गए और फसल व मवेशियों को भारी नुकसान पहुंचा.
बैज ने कहा कि राज्य सरकार का वर्तमान राहत पैकेज आपदा की गंभीरता के मुकाबले अपर्याप्त है. उन्होंने उल्लेख किया कि बस्तर संभाग हर साल जिला खनिज निधि (DMF) और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) से राज्य को 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व देता है.
कांग्रेस नेता ने जिन मांगों को सामने रखा है उनमें शामिल हैं – पूरी तरह ध्वस्त पक्के मकानों के लिए 10 लाख रुपये का मुआवजा, कच्चे मकानों के लिए 5 लाख रुपये, किसानों की फसल हानि का मुआवजा, तथा घरों में नष्ट हुए खाद्यान्न, गैस चूल्हा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का मुआवजा.
इसके साथ ही उन्होंने छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए निशुल्क स्कूल फीस, किताबें, यूनिफॉर्म और बैग उपलब्ध कराने, प्रभावित परिवारों के दीर्घकालिक पुनर्वास की योजना बनाने तथा सड़कों, पुलों और बिजली आपूर्ति की तत्काल बहाली की मांग की है.