4 साल से फरार डकैती के आरोपी धनीराम को पुलिस ने दबोचा
रायपुर । संवादताता: लगभग चार वर्षों से फरार चल रहे डकैती और लूट के आरोपी धनीराम घृतलहरे को आखिरकार रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, धनीराम के खिलाफ डकैती, लूट और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के पांच मामले दर्ज हैं. उस पर रायपुर के आरंग और महासमुंद के तुमगांव में शराब दुकानों में डकैती करने का आरोप है.
विशेष पुलिस कार्रवाई से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और थाना गोलबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर धनीराम को रायपुर से धर दबोचा. पुलिस को देखकर वह भागने की कोशिश में था, लेकिन इस दौरान उसके पैर में चोट लग गई, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया. पुलिस ने बताया कि धनीराम के खिलाफ पहले से स्थायी वारंट जारी था और वह आपराधिक प्रवृत्ति का है.
दो बार पुलिस हिरासत से फरार
धनीराम घृतलहरे इससे पहले दो बार पुलिस हिरासत से फरार हो चुका है. मई 2021 में उसे इलाज के लिए महासमुंद जेल से रायपुर के डीकेएस अस्पताल लाया गया था, जहां से वह भाग निकला. इसके बाद नवंबर 2021 में तिल्दा-नेवरा क्षेत्र से पुलिस ने उसे पकड़ा, लेकिन विधानसभा थाना क्षेत्र में वाहन से कूदकर और पुलिसकर्मियों पर हमला कर वह हथकड़ी सहित फिर से फरार हो गया.
लंबे समय से थी तलाश
पुलिस ने धनीराम की गिरफ्तारी के लिए लंबे समय से सुराग जुटाए थे. उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस ने विशेष रणनीति बनाई और अंततः उसे पकड़ने में सफलता हासिल की. पुलिस का कहना है कि धनीराम की गिरफ्तारी से क्षेत्र में डकैती और लूट की वारदातों पर अंकुश लगेगा.