ब्रश करते समय फटी गर्दन की नस, मेकाहारा में मरीज को मिला नया जीवन
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में चिकित्सा जगत में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है. हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने गर्दन की मुख्य धमनी कैरोटिड आर्टरी के अपने आप फट जाने जैसे अत्यंत दुर्लभ और जानलेवा मामले में सफल सर्जरी कर 40 वर्षीय मरीज की जान बचा ली. यह छत्तीसगढ़ में इस तरह का पहला मामला है, जबकि दुनिया भर के मेडिकल जर्नल में अब तक ऐसे केवल 10 मामलों का ही उल्लेख मिलता है.
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति सुबह घर पर दांत साफ कर रहा था, तभी अचानक उसके गले में तेज दर्द हुआ और देखते ही देखते गर्दन में गंभीर सूजन आ गई. कुछ ही पलों में वह बेहोश हो गया. परिजन तुरंत उसे अम्बेडकर अस्पताल के आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे.
डॉक्टरों ने तत्काल मरीज की सीटी एंजियोग्राफी कराई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जांच में पाया गया कि मरीज की दायीं कैरोटिड आर्टरी फट चुकी है और उसके आसपास गुब्बारानुमा संरचना बन गई है, जिसे कैरोटिड आर्टरी स्यूडोएन्युरिज्म कहा जाता है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मरीज को तुरंत हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया.
विभाग के विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण कांत साहू के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने इस अत्यंत जोखिमपूर्ण ऑपरेशन को अंजाम दिया. डॉक्टरों के अनुसार यह सर्जरी 50 से 60 प्रतिशत सफलता दर वाली मानी जाती है. गर्दन में अत्यधिक खून जमा होने के कारण धमनी को पहचानना बेहद मुश्किल था और जरा सी चूक से मरीज की जान जा सकती थी या मस्तिष्क में खून का थक्का पहुंचने से लकवा या ब्रेन डेड होने का खतरा था. सभी जोखिमों की जानकारी मरीज और परिजनों को देने के बाद सर्जरी की सहमति ली गई.
कई घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन में बोवाइन पेरिकार्डियम पैच की मदद से फटी हुई कैरोटिड आर्टरी की सफलतापूर्वक मरम्मत की गई. सर्जरी पूरी तरह सफल रही और राहत की बात यह रही कि मरीज को किसी प्रकार का लकवा नहीं हुआ. फिलहाल मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और सामान्य जीवन जी रहा है.
विशेषज्ञों के मुताबिक सामान्यतः कैरोटिड आर्टरी के फटने के मामले एथेरोस्क्लेरोसिस, चोट, कनेक्टिव टिश्यू डिसऑर्डर, संक्रमण या ट्यूमर से ग्रस्त मरीजों में देखे जाते हैं. लेकिन यह मरीज पूरी तरह स्वस्थ था, ऐसे में स्वतः कैरोटिड आर्टरी का फटना चिकित्सा विज्ञान में बेहद दुर्लभ माना जाता है.
कैरोटिड आर्टरी गर्दन के दोनों ओर स्थित वह प्रमुख धमनी है, जो हृदय से मस्तिष्क तक रक्त पहुंचाती है. इसके क्षतिग्रस्त होने पर मरीज की जान को तत्काल खतरा उत्पन्न हो जाता है.