रायपुर: बच्ची से 5 दिन तक रेप करने वाला दुकानदार गिरफ्तार
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में एक 55 वर्षीय व्यक्ति ने मासूमियत को तार-तार कर दिया. पुलिस ने आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी को नौ साल की बच्ची के साथ पांच दिनों तक लगातार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया है.
आरोपी इलाके में चूड़ियों की दुकान चलाता है और साथ ही चॉकलेट व स्नैक्स भी बेचता है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी मासूम को चॉकलेट और खाने-पीने की चीजों का लालच देकर अपने घर ले जाता था, जहाँ 7 से 11 जनवरी के बीच उसने बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया. आरोपी ने बच्ची को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके कारण वह सहमी रही.
इस घृणित अपराध का खुलासा 12 जनवरी 2026 को तब हुआ जब बच्ची अपनी चाची के पास नहाते समय दर्द से कराह उठी. परिजनों द्वारा विश्वास में लेकर पूछताछ करने पर बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है.
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी रोष है, जिन्होंने थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की.
राज्य में मासूमों के खिलाफ बढ़ते अपराधों के बीच इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.