रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग में पीपीपी मॉडल से वृद्धाश्रम बनेंगे
रायपुर । संवाददाता: अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुजुर्गों की देखभाल को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं. उन्होंने राज्य के चार प्रमुख शहरों रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और दुर्ग में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर सर्वसुविधायुक्त वृद्धाश्रम स्थापित करने की योजना की शुरुआत की. इसके अलावा, बुजुर्गों की विशेष देखभाल के लिए 'सियान गुड़ी' योजना शुरू की जाएगी और दिव्यांगजनों के पुनर्वास उपकरणों की मरम्मत के लिए रायपुर में एक केंद्रीय सर्विस सेंटर खोला जाएगा.
राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा, "वृद्धजन हमारे मार्गदर्शक और अमूल्य संस्कृति के वाहक हैं. उनकी देखभाल सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है." उन्होंने कार्यक्रम में बुजुर्गों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया. सीएम साय ने जोर देकर कहा कि आज जो बुजुर्गों की स्थिति है, कल हम सभी उसी में होंगे, इसलिए हमें उनके सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त भारत अभियान के तहत 25 नशामुक्ति रथों को हरी झंडी दिखाई गई, जो राज्यभर में जागरूकता फैलाएंगे. इसके अलावा, छत्तीसगढ़ी लोकगीत, नृत्य प्रस्तुतियां और स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे वृद्धजनों का सम्मान करें और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें.
प्रदेश में वृद्धजनों के लिए संचालित पेंशन योजनाओं से 14 लाख से अधिक बुजुर्ग लाभान्वित हो रहे हैं. आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 8 लाख से ज्यादा बुजुर्गों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मिल चुकी है.
वहीं, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना और श्री रामलला दर्शन योजना से 50 हजार से अधिक बुजुर्गों को लाभ हुआ है. समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि राज्य के 35 वृद्धाश्रमों में 1049 वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल हो रही है, जबकि 6 जिलों में प्रशामक देखभाल गृह संचालित हैं. विभागीय हेल्पलाइन से अब तक 54 हजार से अधिक समस्याओं का समाधान किया गया है.
कार्यक्रम में पर्यटन साथी पहल के तहत जिला प्रशासन रायपुर और 'ईज माई ट्रिप' के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए. मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं को टूर गाइड के रूप में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. आईटीआई सड्डू में प्रति बैच 50 युवाओं को तीन माह के प्रशिक्षण के बाद टूर गाइड बनाया जाएगा. (फोटो- प्रतीकात्मक)